भारत
RCB Victory Parade Stampede: राहुल गांधी ने कहा कि यह त्रासदी एक दर्दनाक याद दिलाती है. कोई भी जश्न इंसान की जान से बढ़कर नहीं हो सकता है. सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए हर सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की जानी चाहिए.
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर बुधवार को आरसीबी के जश्न के दौरान भगदड़ मच गई. इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 से ज्यादा घायल हो गए. इस हादसे को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी दुख जताया है. उन्होंने कहा कि कोई भी जश्न इंसान की जिंदगी से बढ़कर नहीं है. यह हादसा दिल दहला देने वाला था.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, 'RCB के आईपीएल में जीत के जश्न के दौरान बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ दिल दहला देने वाली है.
मैं उन परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपनों को खो है, सभी घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं. मैं इस दुख की घड़ी में बेंगलुरु के लोगों के साथ खड़ा हूं. कर्नाटक सरकार को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान करनी चाहिए.
उन्होंने आगे कहा, 'यह त्रासदी एक दर्दनाक याद दिलाती है. कोई भी जश्न इंसान की जान से बढ़कर नहीं हो सकता है. सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए हर सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की जानी चाहिए और उसे सख्ती से लागू किया जाना चाहिए. जीवन हमेशा पहले आना चाहिए.'
बेंगलुरु हादसे पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी भगदड़ में मौतों पर गहरा दुख जताया. उन्होंने अधिकारियों से आग्रह करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि ऐसी कोई त्रासदी फिर से न हो.
सीएम सिद्धारमैया ने कुंभ हादसे का किया जिक्र
बता दें कि कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने मामले की जांच के लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने 15 दिन में रिपोर्ट मांगी है. सिद्धारमैया ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि ऐसी दुखद घटना पर राजनीतिक नहीं होनी चाहिए. ऐसी कई जगह घटनाएं हुईं, कुंभ मेले में 50-60 लोग मारे गए, लेकिन मैंने आलोचना नहीं की.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.