भारत
दिल्ली पुलिस ने बताया दो ट्रेनों के नाम प्रयागराज होने की वजह से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मची. प्रयागराज और प्रयागराज स्पेशल नाम से दो अलग-अलग ट्रेनें थीं. इनके नाम एक जैसे होने की वजह से यात्री कन्फ्यूज हुए.
New Delhi Station Crowd Chaos: दिल्ली पुलिस ने बताया दो ट्रेनों के नाम प्रयागराज होने की वजह से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मची. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर घोषणा की गई की प्रयागराज स्पेशल ट्रेन प्लेटफॉर्म 16 पर आने वाली है. वहीं प्रयागराज एक्सप्रेस नाम से ट्रेन पहले से प्लेटफॉर्म 14 पर थी. इन्हीं नामों की कन्फ्यूजन की वजह से भगदड़ मची. इसी भगदड़ में बीते शनिवार 18 लोगों की जान चली गई.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, वे यात्री जो प्लेटफॉर्म 14 पर खड़ी अपनी ट्रेन पर नहीं पहुंच पाए, उन्हें लगा कि प्लेटफॉर्म 16 पर उनकी ट्रेन आ रही है. अंतिम समय में ट्रेन पकड़ने की भागमभाग में कई लोगों की जान चली गई. साथ ही में वहां, चार अन्य ट्रेन प्रयागराज जा रही थीं, जिनमें से 3 ट्रेनें देरी से चल रही थीं. इसी वजह से प्लेटफॉर्म 12 से 16 तक भगदड़ मच गई.
दिल्ली पुलिस का यह बयान उत्तर रेलवे द्वारा यह कहे जाने के बाद आया है कि प्लेटफार्म नहीं बदला गया था और प्लेटफार्म 14 और 15 के बीच फुटओवर ब्रिज पर एक यात्री गिर गया, जिससे उसके पीछे बैठे अन्य यात्री भी गिर गए, जिससे यह दुखद घटना हुई.
उत्तरी रेलवे ने क्या कहा?
उत्तरी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने भगदड़ के बारे में पुलिस के बयान को खारिज करते हुए कहा कि प्लेटफॉर्म 14 और 15 पर फुटओवर ब्रिज पर एक यात्री फिसल गया, जिसके बाद उसके पीछे बैठे अन्य यात्री गिर गए, जिससे यह दुखद घटना हुई. इसे 'सामान्य भीड़' बताते हुए उपाध्याय ने कहा कि कोई भी ट्रेन रद्द नहीं की गई और न ही उनके समय में कोई बदलाव किया गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि महाकुंभ में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त विशेष ट्रेनें चलाई गईं और प्लेटफॉर्म में कोई बदलाव नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और ट्रेन संचालन सुचारू रूप से चल रहा है.
यह भी पढ़ें - New Delhi Railway Station Stampede: भीड़ का सैलाब और मची भगदड़, नई दिल्ली स्टेशन हादसे में अब तक ये 5 बड़े अपडेट्स
नई दिल्ली स्टेशन पर क्या हुआ था?
शनिवार को महाकुंभ मेले के लिए प्रयागराज की ओर जा रहे यात्रियों की अचानक भीड़ के कारण मची भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हो गए. मरने वालों में नौ महिलाएं, पांच बच्चे और चार पुरुष शामिल हैं. रविवार को दिल्ली पुलिस ने कहा कि वह भगदड़ की जांच शुरू करेगी और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करेगी ताकि पता लगाया जा सके कि त्रासदी से पहले वास्तव में क्या हुआ था. रेलवे ने पीड़ितों के परिवारों के लिए 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए 2.5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों के लिए 1 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की.
ख़बर की और जानकारी के लिए डाउनलोड करें DNA App, अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.