भारत
सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में नियमों को ताक पर रखना एक नवविवाहित जोड़े और रेलवे कर्मचारी को भारी पड़ गया है.
Train Viral Video: ट्रेन के फर्स्ट क्लास एसी कोच को 'हनीमून सुइट' की तरह सजाने का मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है. लेकिन अब इस मामले में रेलवे ने बड़ा एक्शन लिया है. सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने के आरोप में ट्रेन के टिकट चेकर (टीटीई) को सस्पेंड कर दिया गया है. रेल मंत्रालय ने बुधवार (8 जुलाई 2026) को साफ किया है कि नियमों को ताक पर रखकर बिना इजाजत बाहरी लोगों को ट्रेन में इस तरह का काम करने देना एक गंभीर लापरवाही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
दरअसल, यह पूरा मामला 6 जुलाई को ट्रेन नंबर 11002 (नंदीग्राम एक्सप्रेस) में सामने आया. ट्रेन में सफर कर रहे एक नवविवाहित जोड़े ने अपनी यात्रा को यादगार और रोमांटिक बनाने के लिए एक अनोखा रास्ता चुना. उन्होंने रेलवे से कोई अनुमति लिए बिना, निजी तौर पर एक ऑनलाइन डेकोरेटर कंपनी को हायर कर लिया.
जब ट्रेन महाराष्ट्र के जालना स्टेशन पर रुकी थी, तब इन प्राइवेट डेकोरेटर्स ने फर्स्ट एसी कोच के अंदर एंट्री की और पूरे केबिन को गुब्बारों, बिजली की झालरों और फूलों से बिल्कुल किसी सुहागरात के कमरे की तरह चमका दिया. केबिन की दीवार पर बाकायदा 'आई लव यू' भी लिखा गया था. इस सजे-धजे कोच का वीडियो जैसे ही इंटरनेट पर आया, यह तेजी से वायरल हो गया.
सोशल मीडिया पर इसे लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. एक तरफ जहां कुछ लोगों ने इसे बेहद खूबसूरत और एक नया ट्रेंड बताया, वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा विशेषज्ञों और आम जनता ने इस पर कड़े सवाल उठाए. चलती ट्रेन में बिजली की एक्स्ट्रा वायरिंग और गुब्बारों जैसी ज्वलनशील चीजों का इस्तेमाल करना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है. इससे शॉर्ट सर्किट या आग लगने का गंभीर खतरा पैदा हो सकता था.
A First AC coach has reportedly been decorated with a "honeymoon-style" setup.
— The Nalanda Index (@Nalanda_index) July 7, 2026
The Railway administration must explain: is it's allowed? @RailMinIndia @RailwaySeva @AshwiniVaishnaw @PMOIndia pic.twitter.com/ofE4AGawJH
इसी सुरक्षा चूक को देखते हुए रेल मंत्रालय ने तुरंत कड़ा रुख अपनाया है. रेलवे के आधिकारिक बयान के मुताबिक, बाहरी डेकोरेटर्स का बिना किसी ऑथराइजेशन या परमिशन के कोच में घुसना सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी चूक है. इसके लिए ड्यूटी पर तैनात टिकट चेकर को जिम्मेदार मानते हुए सस्पेंड कर दिया गया है. साथ ही, इस पूरे मामले की गहराई से विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस पूरी घटना ने रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा और नियमों के पालन पर एक नई बहस छेड़ दी है. भले ही कपल का इरादा अपने सफर को खास बनाना था, लेकिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता. रेलवे ने इस एक्शन के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की है कि ट्रेनों के भीतर बिना मंजूरी के कोई भी कमर्शियल या निजी गतिविधि कानूनन गलत है.
ये भी पढ़ें- आज का मौसम, 9 जुलाई: अगले एक हफ्ते तक बरसेगा कहर! दिल्ली-NCR से लेकर हिमाचल तक IMD का अलर्ट