Advertisement

3 नेशनल अवाॅर्ड, 100 से अधिक फिल्में, कैसा रहा नाना पाटेकर का फिल्मी करियर? 75 की उम्र में हुआ निधन

किसानों की मदद के लिए 1.5 करोड़ की कार ठुकराने वाले दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर नहीं रहे. गुरूवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली.

Latest News
3 नेशनल अवाॅर्ड, 100 से अधिक फिल्में, कैसा रहा नाना पाटेकर का फिल्मी करियर? 75 की उम्र में हुआ निधन

नाना पाटेकर, Photo IANS 

Add DNA as a Preferred Source

बॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है. मशहूर अभिनेता नाना पाटेकर अब हमारे बीच नहीं रहे. 75 साल की उम्र में गोवा के अपने घर पर उन्हें दिल का दौरा पड़ा. इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, रिपोर्ट के मुताबिक, डॉक्टरों ने उन्हें करीब 45 मिनट तक सीपीआर दिया लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. 

डॉक्टर शेखर सालकर के मुताबिक, उनकी मौत सुबह 5:20 बजे हो गई. इस मामले में MLC दर्ज किया गया है और पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, ताकि मौत की सही वजह साफ हो सके. उनके बेटे मल्हार पाटेकर ने भी पिता के निधन की पुष्टि की है.

नाना पाटेकर का फिल्मी सफर कैसे शुरू हुआ?

नाना पाटेकर का जन्म 1951 में महाराष्ट्र में हुआ था और उनका असली नाम विश्वनाथ पाटेकर था. उनका बचपन काफी मुश्किलों में बीता और उन्हें शुरू से ही कई परेशानियों का सामना करना पड़ा. उन्होंने एक्टिंग की शुरुआत थिएटर और नाटकों से की और फिर 1970 के दशक में फिल्मों में काम करना शुरू किया. धीरे-धीरे उनकी पहचान एक दमदार एक्टर के तौर पर बनने लगी.

उनकी पहली फिल्म गमन' थी जो 1978 में आई. इसके बाद 'सिंहासन', 'अंकुश', 'प्रतिघात' और 'सलाम बॉम्बे!' जैसी फिल्मों में उन्होंने अपने शानदार अभिनय से लोगों का ध्यान खींचा और धीरे-धीरे अपनी एक अलग पहचान बना ली.

कौन-कौन से बड़े सम्मान मिले?

नाना पाटेकर को उनके शानदार करियर में 3 बार नेशनल फिल्म अवॉर्ड से नवाजा गया:

  • परिंदा (1989): इस फिल्म में उन्होंने अंडरवर्ल्ड डॉन 'अन्ना' का किरदार निभाया, जिसके लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला.
  • क्रांतिवीर (1994): इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट एक्टर का नेशनल फिल्म अवॉर्ड और फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला. फिल्म में उनके डायलॉग्स आज भी लोगों की जुबान पर हैं.
  • अग्निसाक्षी (1996): इस फिल्म में बेहतरीन काम के लिए उन्हें एक बार फिर बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का नेशनल अवॉर्ड दिया गया.

इसके अलावा, फिल्मों और भारतीय कला में करीब 40 साल तक काम करने के लिए भारत सरकार ने 2013 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया. उन्होंने हिंदी फिल्मों के साथ मराठी फिल्मों में भी लगातार काम किया और 'नटसम्राट' जैसी फिल्मों में अपने शानदार काम से लोगों के बीच खास पहचान बनाई.

किन किरदारों से दर्शकों को बांधे रखा?

नाना पाटेकर की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने खुद को किसी एक तरह के किरदार तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने गंभीर रोल से लेकर विलेन, देशभक्ति वाले किरदार और कॉमेडी तक हर तरह के रोल को अपनी एक्टिंग से खास बना दिया.

1992 में आई फिल्म 'तिरंगा', 'खामोशी: द म्यूजिकल', 'अपहरण' और प्रकाश झा की 'राजनीति' में उनके गंभीर और दमदार रोल लोगों को खूब पसंद आए.

वहीं 2007 में अनीस बज्मी की कॉमेडी फिल्म 'वेलकम' में उन्होंने डॉन उदय शेट्टी का रोल किया और अपने मजेदार अंदाज से सबको हंसा दिया. उनका यह रोल इतना पसंद किया गया कि वे 'वेलकम बैक' में भी उदय शेट्टी के रूप में नजर आए.

नाना पाटेकर ने सिर्फ फिल्मों में एक्टिंग ही नहीं की, बल्कि कैमरे के पीछे भी काम किया. 1991 में फिल्म 'प्रहार: द फाइनल अटैक' से उन्होंने फिल्म बनाने और कहानी लिखने की शुरुआत की.

वे लगातार फिल्मों में काम करते रहे. उनकी हालिया फिल्म 'ओ रोमियो' थी. इसके अलावा वे कुछ नए प्रोजेक्ट्स और ओटीटी के काम में भी जुड़े हुए थे. अपने करियर मे वो 100 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया.

नाना पाटेकर की 10 बेहतरीन फिल्में, AI Photo

भारतीय सेना और 1999 के कारगिल युद्ध से नाना पाटेकर का क्या नाता था?

नाना पाटेकर का सेना से रिश्ता सिर्फ फिल्मों तक नहीं रहा. जब वे अपनी फिल्म 'प्रहार: द फाइनल अटैक' (1991) की तैयारी कर रहे थे, तब उन्होंने सैनिकों की जिंदगी और उनकी मुश्किलों को करीब से समझने के लिए मराठा लाइट इन्फैंट्री के साथ कड़ी ट्रेनिंग ली थी. 1999 में जब भारत और पाकिस्तान के बीच कारगिल युद्ध हुआ, तब नाना पाटेकर खुद सीमा पर पहुंचे और 2 हफ्ते से ज्यादा समय तक सैनिकों के साथ रहे. इस दौरान वे कई आगे वाली पोस्ट पर गए और जवानों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया. बाद में नाना ने बताया था कि उस दौरान वे सेना की क्विक रिएक्शन टीम यानी QRT के साथ भी रहे थे. सैनिकों के लिए उनका सम्मान हमेशा साफ दिखा है. 2016 में उन्होंने कहा था कि उनके लिए देश सबसे पहले है और सीमा पर देश की रक्षा करने वाले जवान ही असली हीरो हैं.

किसान परिवारों के लिए 1.5 करोड़ रुपये की लग्जरी कार छोड़ दी

नाना पाटेकर की सादगी और दूसरों की मदद करने का एक किस्सा सूखे से परेशान किसानों से जुड़ा है. लेखक रणबीर पुष्प ने एक इंटरव्यू में बताया था कि नाना अपने लिए 1.5 करोड़ रुपये की एक महंगी कार खरीदने वाले थे और गाड़ी की डिलीवरी अगले दिन होनी थी. लेकिन उसी शाम टीवी पर उन्होंने खबर देखी कि कर्ज और सूखे से परेशान एक किसान ने जान दे दी और उसका परिवार सदमे में है. यह खबर देखकर नाना इतने दुखी हुए कि उन्होंने उसी वक्त कार खरीदने का फैसला छोड़ दिया. उन्होंने अपने दोस्त को फोन करके कहा कि कार पर खर्च होने वाले पैसे से 15-15 हजार रुपये के चेक बनवाए जाएं और जरूरतमंद किसान परिवारों तक पहुंचाए जाएं. इसके बाद किसानों की मदद करने के लिए उन्होंने 'NAAM' फाउंडेशन' की शुरुआत की, जिसके जरिए हजारों जरूरतमंद परिवारों तक मदद पहुंचाई गई.

Advertisement
Advertisement

Advertisement