भारत
सीबीआई ने मुंबई से दो आरोपियों को पकड़ा है जो अपने आप को एनटीए का करीबी बताते हैं और दावा करते है कि उन्हे 90 लाख रुपये दो वो नीट में नंबर बढ़वा सकते हैं. आइए जानते है पूरा मामला
एननटीए ने नीट यूजी 2025 का परिणामों का ऐलान कर दिया है. इस बार राजस्थान के सीकर जिले मे रहने वाले मुकेश कुमार ने भारत में रैंक 1 हासिल की है. इसी बीच मेडिकल परीक्षा NEET UG 2025 के स्कोर में हेराफेरी का झांसा देकर उम्मीदवारों और उनके माता-पिता से मोटी रकम वसूलने वाले दो व्यक्तियों को CBI ने गिरफ्तार कर लिया है. बता दें कि सीबीआई ने इस संबंध में 9 जून को मामला दर्ज किया था. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप शाह (सोलापुर, महाराष्ट्र निवासी) और सलीम पटेल (नवी मुंबई निवासी) के रूप में हुई है.
90 लाख की करता था मांग
जानकारी के अनुसार सलीम पटेल नवी मुंबई में एडमिशन कंसल्टेंसी चलाता था जबकि संदीप शाह मुंबई के ITC ग्रैंड सेंट्रल होटल में अभिभावकों से मुलाकात कर रहा था और ये दावा करता था कि वह एनटीए के अधिकारियों के संपर्क में हैं और वह नीट 2025 परीक्षा के परिणाम बदलवा सकता है. सीबीआई की जांच में खुलासा हुआ है कि संदीप शाह हर अभ्यार्थी से परिणाम बदलवाने के 90 लाख रुपये मांगता था. खबर है कि संदीप ने इस रकम को बाद में 87 लाख तक घटा दिया था.
जांच में हुए कई खुलासे
वह छात्र समेत उनके माता पिता को विश्वास दिलाता था कि वह कम मार्क्स वाले छात्रों के नंबर बढ़वा देगा और रिजल्ट जारी होने 6 घंटे पहले बढ़े हुए मार्क्स के बारे में जानकारी देगा. मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. इसमें अभ्यर्थियों के नाम, रोल नंबर, एडमिट कार्ड, ओएमआर शीट और हवाला के ज़रिए पैसों के लेन-देन से जुड़े चैट्स मिले हैं. CBI ने संदीप शाह को 9 जून को मुंबई से और सलीम पटेल को 10 जून को सांगली से गिरफ्तार किया। दोनों को CBI की विशेष अदालत, मुंबई में पेश किया गया, जहां पहले 13 जून तक पुलिस रिमांड और फिर 16 जून तक रिमांड बढ़ा दी गई.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.