Advertisement

'56 साल के नौजवान की बात नहीं कर रहा', स्काईरूट की तारीफ करते हुए बोले PM मोदी, क्या राहुल गांधी पर कसा तंज?

बेंगलुरु की स्काईरूट एयरोस्पस ने शनिवार (18 जुलाई, 2026) को देश का पहला प्राइवेट ऑर्बिटल रॉकेट विक्रम-1 लॉन्च किया. पहले ही टेस्ट में यह प्रयास कामयाब रहा.

Latest News
'56 साल के नौजवान की बात नहीं कर रहा', स्काईरूट की तारीफ करते हुए बोले PM मोदी, क्या राहुल गांधी पर कसा तंज?

स्काईरूट एयरोस्पेस के विक्रम-1 रॉकेट लॉन्च की पीएम मोदी ने की तारीफ (Image Source: ANI)

Add DNA as a Preferred Source

संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर स्पेस सेक्टर की प्राइवेट कंपनी स्काईरूट और उसमें काम करने वाले नौजवानों की तारीफ की. इस दौरान उन्होंने कहा कि स्काईरूट में काम करने वाले 28 साल के नौजवानों ने अंतरिक्ष में भारत का झंडा लहरा दिया, यहां किसी 56 साल के नौजवान की बात नहीं हो रही है. पीएम मोदी की इस टिप्पणी को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है.

सोमवार (20 जुलाई, 2026) को मानसून सत्र की शुरुआत से पहले पीएम मोदी ने संसद परिसर में संवाददाताओं को संबोधित किया और कहा, 'मानसून हो या मानसून सत्र, अगर दोनों प्रोएक्टिव हों, तो बहुत ही प्रोडक्टिव होते हैं. दोनों प्रोएक्टिव होते हैं तो देश का कल्याण होता है, जीव का कल्याण होता है इसलिए हम यही प्रार्थना करते हैं कि मानसून भी प्रोएक्टिव रहे और मानसून सत्र भी प्रोडक्टिव रहे.'

स्काईरूट की कामयाबी देश के लिए गर्व की बात, पीएम मोदी बोले
पीएम मोदी ने कहा, 'साथियों पिछले एक महीने में देश ने अनेक सिद्धियां प्राप्त कीं और देशवासी गर्व से भर जाएं इस प्रकार की सिद्धियों का सिलसिला चला है. राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अब तो अंतरिक्ष में भी एक प्रकार से भारत के लिए गर्व के पल रहे हैं. पिछले साल मानसून सत्र से ठीक पहले एक भारतीय नागरिक इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर पहुंचा था और अभी बीते शनिवार को भारत के एक युवा स्टार्टअप ने बहुत बड़ी सिद्धी प्राप्त की है. भारत के युवाओं ने अंतरिक्ष में नई उड़ान भरी है, बहुत बड़ी सफलता है.'

राहुल गांधी पर पीएम मोदी का तंज
उन्होंने कहा, 'स्काईरूट स्टार्टअप में जो युवा काम कर रहे हैं, उनकी पूरी टीम की एवरेज उम्र सिर्फ 28 साल है, ऐसे नौजवानों ने ये काम करके दिखाया है. मैं किसी 56 साल के नौजवान की बात नहीं कर रहा हूं. स्काईरूट के 28 साल की उम्र वाले नौजवानों ने अंतरिक्ष में भारत का झंडा लहरा दिया. उनको तो बधाई है ही, लेकिन ऐसी बातें जो भारत को विश्वास से भर देती हैं, इससे विश्व में भारत का प्रोफाइल सर्वमानीय, सर्वस्वीकृत बनता जाता है.'

पृथ्वी की निचली कक्षा में पहुंचा स्काईरूट का विक्रम-1 ऑर्बिटल रॉकेट
बेंगलुरु की स्काईरूट एयरोस्पस ने शनिवार को देश का पहला प्राइवेट ऑर्बिटल रॉकेट विक्रम-1 लॉन्च किया. पहले ही टेस्ट में यह प्रयास कामयाब रहा. विक्रम-1 को स्काईरूट ने तैयार किया है और लॉन्चिंग भी खुद की, सिर्फ लॉन्चपैड भारतीय स्पेस एजेंसी इसरो का इस्तेमाल किया गया था. 450 किमी की ऊंचाई पर विक्रम-1 पृथ्वी की सर्कुलर निचली कक्षा में पहुंच गया, जिसे देश के स्पेस सेक्टर के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement