भारत
Mock Drill in Border States: यह मॉक ड्रिल ऐसे समय हो रही है, जब बीते दिनों भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर का ऐलान किया गया है. ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसी स्थिति बन गई थी.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट मोड पर है. हर स्थिति से निपटने के लिए भारतीय सेना तैयार है. इस बीच पाकिस्तान से सटे राज्यों में गुरुवार को एक बार फिर मोक ड्रिल (Mock Drill) होने जा रही है. केंद्र सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों में 29 मई की शाम मॉक ड्रिल कराएगी. इस ड्रिल के लेकर लोगों के बीच टेंशन बढ़ गई है. कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं कुछ बड़ा तो नहीं होने वाला है.
जानकारी के मुताबिक, सरकार ने पाकिस्तान से सटे राज्य- गुजरात, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और पंजाब में मॉक ड्रिल कराने का आदेश दिया है. इन राज्यों की करीब 3,300 किलोमीटर की लंबी सीमा पाकिस्तान से लगती है. मॉक ड्रिल के दौरान लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी जाएगी. 6-7 मई को हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद देश के कई राज्यों में मॉक ड्रिल शुरू की गई थी. इसी दौरान भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई शुरू हो गई. दोनों तरफ से ड्रोन और मिसाइल अटैक हुए.
सीजफायर के बीच मॉक ड्रिल
यह मॉक ड्रिल ऐसे समय हो रही है, जब बीते दिनों भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर का ऐलान किया गया है. दरअसल, 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) स्थित 9 आतंकवादी ठिकानों को नष्ट कर दिया था. जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना ने भारतीय इलाकों में ड्रोन हमले किए, जिसमें 300 से 400 ड्रोन भेजे गए. हालांकि, भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने इन ड्रोन्स को प्रभावी ढंग से निष्क्रिय कर दिया.
पाकिस्तान ने भारत के जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पंजाब के कई सीमावर्ती इलाकों को निशाना बनाया था. ड्रोन और मिसाइलों से किए गए हमले की कोशिश के कारण जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान के कई इलाकों में ब्लैकआउट और सायरन बजने लगे थे.
इसके बाद भारत की जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान में अफरा-तफरी मच गई थी. दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों की वार्ता के स्तर पर पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम की शुरुआत की गई, जिसके बाद सीजफायर की घोषणा की गई.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.