भारत
पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पति और बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज के पिता वरिष्ठ अधिवक्ता और मिजोरम के पूर्व राज्यपाल स्वराज कौशल का निधन हो गया है. गुरुवार 4 दिसंबर 2025 को आखिरी सांस ली.
वरिष्ठ अधिवक्ता और मिजोरम के पूर्व राज्यपाल सुषमा स्वाराज के पति स्वराज कौशल का निधन हो गया है. इनकी बेटी बांसुरी स्वराज वर्तमान में भाजपा से सांसद हैं. 73 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है. 4 दिसंबर 2025 यानी गुरुवार को उन्होंने आखिरी सांस ली. दिल्ली बीजेपी ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर स्वराज कौशल के निधन की जानकारी दी है. खबर है कि वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे.
37 साल की उम्र में बन गए थे मिजोरम के गर्वनर
साल 1990 में महज 37 साल की उम्र में वे मिजोरम के गवर्नर बनाए गए. उस समय वे देश के सबसे युवा राज्यपाल बने थे. 9 फरवरी 1993 तक वे इस पद पर रहे. सबसे दिलचस्प बात ये है कि उनकी पत्नी सुषमा स्वराज भी देश की सबसे युवा कैबिनेट मंत्री रह चुकी है. असल में दिल्ली बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने ट्विटर पर लिखा कि मिजोरम के पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री स्वराज कौशल जी के आकस्मिक निधन की खबर सुनकर अत्यंत दुःख हुआ. उन्होंने निष्ठा-बुद्धिमत्ता और अद्वितीय समर्पण के साथ राष्ट्र की सेवा की.
शानदार रहा स्वराज कौशल का सफर
1998 में हरियाणा विकास पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर वे राज्यसभा सांसद चुने गए और 1998 से 2004 तक राज्यसभा के सदस्य रहे. 1998-99 में जहां सुषमा स्वराज लोकसभा में थीं वहीं स्वराज कौशल राज्यसभा में थे. साल 2000 से 2004 तक दोनों एक साथ राज्यसभा सांसद रहे. इमरजेंसी के दौरान स्वराज कौशल की कानूनी भूमिका भी बेहद रही. जब जॉर्ज फर्नांडीज और अन्य 24 लोगों पर बड़ौदा डायनामाइट केस में फर्जी आरोप लगाए गए तो उनकी कोर्ट में पैरवी स्वराज कौशल ने ही की थी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से