भारत
मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। पति गोविंद को अपनी पत्नी और गांव के ही युवक गुंजार के अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिसका उसने विरोध किया। इसके बाद पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची और हथियार से गोविंद की हत्या कर दी.
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक चौंकाने वाला प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी. पति की हत्या केवल इसलिए की गई क्योंकि वह उनकी अवैध प्रेम कहानी में बाधा बन रहा था.
घटना थाना कोसीकलां क्षेत्र के गांव एंच की है. मृतक गोविंद की हत्या एक जुलाई की रात धारदार हथियार से उस वक्त कर दी गई जब वह खेत पर मौजूद था. मामले की जांच में पुलिस को पता चला कि गोविंद की पत्नी के गांव के ही गुंजार उर्फ गुलजार उर्फ भोले के साथ लंबे समय से अवैध संबंध थे. जब गोविंद को इस बारे में जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध किया, जिससे घर में लगातार झगड़े होने लगे.
पुलिस के अनुसार, गोविंद की पत्नी ने ही उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची और प्रेमी से उसकी हत्या करवा दी. गुंजार ने 01 जुलाई की रात को राजवीर के खेत में गोविंद की हत्या की. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार बांक को भी बरामद कर लिया है.
मामले की जांच में तेजी दिखाते हुए पुलिस ने गुरुवार रात गुंजार को गांव चौडरस के पास से गिरफ्तार कर लिया. शुक्रवार सुबह गोविंद की पत्नी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.