भारत
सिद्धार्थनगर के तरघौना गांव में प्रेमिका से शादी टूटने पर नाराज युवक ने आधी रात को उसके घर पहुंचकर जानलेवा हमला कर दिया. जिसे इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने एक बार फिर रिश्तों की मर्यादा और प्यार की सीमा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. तरघौना गांव में एक युवक ने अपनी मंगेतर पर आधी रात को उस वक्त जानलेवा हमला कर दिया जब वह घर के बरामदे में सो रही थी. इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला 12 अप्रैल की रात का है, जब प्रियंका पर उसी के पूर्व मंगेतर ने हमला कर दिया.
प्रियंका की सगाई महाराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के बेलवा बकनिहवा गांव निवासी पसंद कुमार नाम के युवक से हुई थी. दरअसल, दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध थे, लेकिन कुछ कारणों के चलते यह रिश्ता टूट गया. रिश्ता टूटने के बाद पसंद कुमार इस कदर गुस्से में आ गया कि उसने खूनखराबा करने की ठान ली.
आरोपी आधी रात को प्रियंका के घर पहुंचा, जहां वह बरामदे में सो रही थी. प्रियंका को भनक तक नहीं लगी कि उसका पूर्व प्रेमी उस पर हमला करने आया है. सोई हुई हालत में उस पर धारदार हथियार से वार कर दिया गया. प्रियंका की चीख सुनकर घरवाले दौड़े और खून से लथपथ हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोटन ले गए, जहां से उसे सिद्धार्थनगर और फिर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल प्रियंका की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है.
यह भी पढ़ें: 650 फीट की ऊंचाई पर क्या गड़बड़ हुई थी? अहमदाबाद विमान हादसे पर आया नागरिक उड्डयन मंत्रालय का बयान
इस वारदात के बाद पीड़िता के पिता ने लोटन थाने में तहरीर दी है. क्षेत्राधिकारी सदर मयंक द्विवेदी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा. इस घटना ने इलाके में भय का माहौल बना दिया है और गांववाले अभी भी सदमे में हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.