भारत
Accident in Khandwa: पुलिस ने बताया कि हादसा खंडवा के पंधाना थाना क्षेत्र में हुआ है. सभी लोग नवरात्रि खत्म होने के बाद आबना नदी में मूर्ति विसर्जन करके लौट रहे थे.
मध्य प्रदेश के खंडवा में दशहरे के दिन बड़ा हादसा हो गया. मूर्ति विसर्जन से लौट रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में जा गिरी. इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के डूबने की खबर है. मृतकों में 8 बच्चियां शामिल हैं. सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है. लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है.
घटना खंडवा जिले के पंधाना थाना क्षेत्र के अरदला कलां गांव की है. नवरात्रि खत्म होने के बाद गांव के लोग दुर्गा माता की प्रतिमा विसर्जन करके वापस लौट रहे थे. तभी उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली आबना नदी में जा गिरी.
वाहन में 20-25 लोग थे सवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली में 20 से 25 लोग सवार थे. जिनमें बच्चों की संख्या ज्यादा थी. 8 बच्चियों समेत 11 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं. अन्य की तलाश जारी है.
यह भी पढ़ें- VIDEO: पटना में बारिश ने लगा दी रावण की 'लंका', दहन से पहले ही दशानन का झुक गया सिर
इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है. पंधाना से भाजपा विधायक छाया मोरे भी मौके पर पहुंच गई हैं.
4-4 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर एक्स पर लिखा, 'खंडवा के ग्राम जामली और उज्जैन के समीप इंगोरिया थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए हादसे अत्यंत दुखद हैं. शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. मृतकों के निकटतम परिजनों को ₹4-4 लाख की सहायता राशि तथा घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. देवी मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और शोक संतप्त परिजनों को संबल हेतु प्रार्थना है.'
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से