भारत
जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ रहे कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई जगह झड़प हुई जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए...
दिल्ली में सोमवार, 20 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई जगह तनाव की स्थिति बन गई. प्रदर्शनकारियों को संसद भवन पहुंचने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस पूरी मुस्तैदी से तैयार थी. इस दौरान कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हुई. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े.
सोशल मीडिया पर इस प्रदर्शन को लेकर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में एक शख्स कई सुरक्षाकर्मियों के सामने खड़ा दिखाई देता है. सुरक्षाकर्मी दंगा-रोधी उपकरण, हेलमेट और लाठियों से लैस हैं, जबकि उस व्यक्ति के हाथ में सिर्फ एक मोबाइल फोन नजर आ रहा है. वीडियो में वह बार-बार पुलिसकर्मियों से कहता सुनाई देता है, 'मारो सर, मारो सर.' इसके बाद कुछ सुरक्षाकर्मी उसे लाठियों से हटाने की कोशिश करते हैं. थोड़ी देर बाद दूसरे पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते हुए उसे वहां से ले जाते हैं.
जंतर-मंतर से लेकर संसद मार्ग तक पुलिस के कड़े इंतजाम और भारी बैरिकेडिंग प्रमाण है कि सत्ता युवाओं और आम जनता की मुखर आवाज़ से कितनी भयभीत है।
— Dheeraj Gurjar (@dgurjarofficial) July 20, 2026
जब-जब युवा अपने अधिकारों, रोज़गार, और देश के संविधान को बचाने के लिए सड़कों पर उतरता है, तब-तब शासन दमन और खौफ का सहारा लेता है।
सरकार… pic.twitter.com/6wasxPHmxo
प्रदर्शन के दौरान पार्लियामेंट स्ट्रीट और पटेल चौक के आसपास भी हालात कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गए. पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की जिसके बाद उन्हें रोकने के लिए कार्रवाई की गई. इस दौरान हुई झड़प में कुछ पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दंगा नियंत्रण इकाइयों को तैनात किया गया था.
#WATCH | Delhi: Delhi Police personnel and protesters suffered injuries during their clash near Parliament Street earlier today. #CJPProtest pic.twitter.com/OSlYjK1GlI
— ANI (@ANI) July 20, 2026
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही हाई अलर्ट पर थीं. जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च को देखते हुए संसद भवन के आसपास काफी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी. संसद परिसर के एंट्री गेट पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए और बैरिकेडिंग को मजबूत किया गया जिससे कोई भी प्रदर्शनकारी संसद भवन के अंदर न घुस पाए.
VIDEO | Delhi: As the CJP's march protest swells, a multi-tiered security lockdown has been put to place to prevent the thousands of marching protesters from breaching the area.
— Press Trust of India (@PTI_News) July 20, 2026
Security personnel physically secured the massive iron gates of the Parliament complex. Red fire… pic.twitter.com/DbS6gWbRtX
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले मीडिया को संबोधित किया और उसके बाद संसद परिसर से रवाना हो गए. सुरक्षा कारणों से पूरे इलाके में वाहनों और लोगों की आवाजाही पर भी कड़ी निगरानी रखी गई.
वहीं, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस घटनाक्रम के बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की. उन्होंने लिखा कि 'जंतर-मंतर से मेरी पैदल यात्रा एक और जुलूस में बदलने वाली थी, इसलिए हमने परिवहन का पहला उपलब्ध साधन पकड़ लिया.' इसके साथ उन्होंने ऑटो-रिक्शा का इमोजी भी साझा किया.
My walk from Jantar Mantar was about to turn into another procession so we grabbed the first available means of transport 🛺. pic.twitter.com/R8mtp3hk5X
— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) July 20, 2026
बता दें, कॉकरोच जनता पार्टी ने देश की नीट यूजी जैसी परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ इस प्रदर्शन की शुरुआत की थी. इस प्रदर्शन से जुड़े एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक 28 जून से भूख हड़ताल पर हैं, जिन्हें शनिवार 18 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने उनकी बिगड़ती सेहत की वजह से धरना स्थल से उठाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करा दिया. इसके बाद से सीजेपी के इस विरोध प्रदर्शन में और तेजी देखी जा रही है.
यह भी पढ़ें- इंजीनियर, आर्किटेक्ट और इनोवेटर...जानें 'एशिया का नोबेल' जीतने वाले सोनम वांगचुक कितने पढ़े-लिखे हैं?