भारत
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली-अमृतसर हाईवे पर लाडोवाल टोल प्लाजा के एनकाउंटर हुआ, जिसमें बब्बर खालसा टेरर मॉड्यूल के दो संदिग्ध सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
पंजाब के लुधियाना में पुलिस एनकाउंटर में बब्बर खालसा इंटरनेशल (BKI) से जुड़े टेरर मॉड्यूल के दो संदिग्ध सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मुठभेड़ दिल्ली-अमृतसर हाइवे पर लाडोवाल टोल प्लाजा के पास हुई. पुलिस ने घायल संदिग्ध आतंकियों को अस्पताल में भर्ती कराया है. उनके पास से दो हैंड ग्रेनेड और पांच पिस्टल बरामद हुई हैं.
लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया, 'हमने पहले एक टेरर मॉड्यूल का पर्दाफाश किया था और तीन लोगों को पकड़ा था. आज एक इनपुट मिला कि बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े 2 आतंकवादी जो ISI के निर्देशों पर काम कर रहे हैं, आसपास छिपे हुए हैं. हमने एक जाल बिछाया और एनकाउंटर में दो संदिग्ध गंभीर रुप से घायल हो गए.'
2 हैंड ग्रेनेड बरामद
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि संदिग्धों को कथित तौर पर ग्रेनेड इकट्ठा करने और उन्हें तय जगहों पर फेंकने का जिम्मा सौंपा गया था. वह इसकी तैयारी लगभग पूरी कर चुके थे. उनके पास से 2 हैंड ग्रेनेड बरामद हुए हैं. पुलिस और NIA की टीम इस पता लगाने में जुट गई है कि वह कहां हमला करने वाले थे.
इस एनकाउंटर के बाद लुधियाना में हड़कंप मच गया है. इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया. भारी तादाद में पुलिसबल तैनात किया गया है. सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है कि कहीं और आतंकी तो नहीं छिपे हुए. ये एक टेरर मॉड्यूल था, जो पाकिस्तान की ISI के इशारे पर बड़ी वारदात करने की तैयारी कर रहा था.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.