भारत
लखनऊ साइबर क्राइम सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए क्रिप्टोकरेंसी के ज़रिए चीन को पैसे भेजने वाले गैंग से जुड़े 8 लोगों को गिरफ्तार किया है. ये आरोपी एक चीनी गैंग के लिए काम कर रहे थे.
उत्तर प्रदेश की साइबर क्राइम टीम ने एक अंतरराष्ट्रीय डिजिटल फ्रॉड नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक बड़े क्रिप्टोकरेंसी घोटाले को उजागर किया है. यह गैंग लखनऊ, गोंडा और रायबरेली में सक्रिय था और चीन से जुड़े साइबर अपराधियों के लिए डिजिटल मुद्रा USDT (Tether) में लेनदेन करता था.
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गैंग TRC-20 ब्लॉकचेन नेटवर्क के ज़रिए USDT में लेनदेन करता था. डिजिटल अरेस्ट और अन्य ऑनलाइन ठगी से जुटाई गई रकम को भारत में पहले स्थानीय बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता था. इसके बाद उस कैश से USDT खरीदी जाती और फिर यह क्रिप्टोकरेंसी सीधे चीनी गैंग को भेज दी जाती.
इस रैकेट ने बीते दो महीनों में लगभग 75 से 80 लाख रुपये की राशि का ट्रांसफर किया है. यह रकम भारत में ठगी कर इकट्ठा की गई थी, जिसे बाद में क्रिप्टो में बदलकर चीन भेजा गया. पुलिस का कहना है कि यह एक सोच-समझ कर रची गई मनी लॉन्ड्रिंग स्कीम थी, जिसमें तकनीक का दुरुपयोग किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों में सत्यम तिवारी, दिवाकर विक्रम सिंह, सक्षम तिवारी, विनोद कुमार, कृष शुक्ला, मोहम्मद शा लाइक अहमद और मनीष जायसवाल शामिल हैं. कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 2 आरोपियों ने सरकारी गवाह बनने की इच्छा जताई, जबकि बाकी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
सिर्फ लेनदेन ही नहीं, यह गैंग उन लोगों को भी बैंक अकाउंट मुहैया कराता था जिनसे फर्जीवाड़े की रकम मंगवाई जाती थी. इसके बाद क्रिप्टो में निवेश कर वह पैसे आगे बढ़ाए जाते और आरोपी अपना कमीशन काट कर बाकी रकम ट्रांसफर कर देते थे.
इस गिरफ्तारी से पता चलता है कि क्रिप्टोकरेंसी का दुरुपयोग भारत में भी बड़े पैमाने पर किया जा रहा है, और इसकी जड़ें अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड से जुड़ी हो सकती हैं. पुलिस फिलहाल मामले की गहराई से जांच कर रही है और इसमें और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.