भारत
Ladli Behna Yojana: लाडली बहना योजना की 32वीं किस्त जनवरी 2026 में जारी होने की उम्मीद है. पात्र महिलाओं को इस बार भी 1500 रुपये मिल सकते हैं. बताते चलें, स्टेटस ऑनलाइन और बैंक के जरिए चेक किया जा सकता है.
Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश की लाडली बहना योजना लाखों महिलाओं के लिए हर महीने आर्थिक सहारे का जरिया बन चुकी है. घर के रोजमर्रा के खर्च, बच्चों की पढ़ाई और जरूरी जरूरतों में यह राशि बड़ी मदद देती है. 31वीं किस्त जारी होने के बाद अब महिलाओं की नजरें 32वीं किस्त पर टिकी हैं. सवाल यही है कि जनवरी में यह किस्त कब आएगी, कितनी रकम मिलेगी और कैसे कंफर्म करें कि पैसा खाते में आएगा या नहीं.
दरअसल, लाडली बहना योजना की 31वीं किस्त दिसंबर महीने में पात्र महिलाओं के खातों में ट्रांसफर कर दी गई थी. पिछली बार 9 दिसंबर को यह राशि भेजी गई थी, जिसके बाद अब 32वीं किस्त का इंतजार किया जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जनवरी 2026 में यह किस्त जारी की जा सकती है. हालांकि सरकार की ओर से अभी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि मकर संक्रांति के आसपास महिलाओं के खातों में पैसे आ सकते हैं.
इस योजना के तहत फिलहाल हर पात्र महिला को हर महीने 1500 रुपये की सहायता दी जा रही है. शुरुआत में यह राशि 1000 रुपये थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 1250 रुपये किया गया और दिसंबर 2025 से इसे 1500 रुपये कर दिया गया. इस तरह एक साल में महिलाओं को करीब 18 हजार रुपये की सीधी आर्थिक मदद मिल रही है. गौरतलब है कि, लाडली बहना योजना से इस समय 1 करोड़ 29 लाख से ज्यादा महिलाएं जुड़ी हुई हैं. सरकार का कहना है कि आने वाले वर्षों में इस राशि को और बढ़ाने की योजना है और लक्ष्य है कि 2028 तक इसे 3000 रुपये प्रतिमाह किया जाए.
योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे छोटे-बड़े खर्चों के लिए दूसरों पर निर्भर न रहें. पात्रता की बात करें तो इस योजना का लाभ वही महिलाएं ले सकती हैं जो मध्य प्रदेश की निवासी हों. इसमें विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं शामिल हैं. महिला की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए और बैंक खाता आधार से लिंक होना जरूरी है. वहीं, जिन महिलाओं या उनके परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से ज्यादा है, जिनके परिवार में कोई आयकरदाता है, सरकारी कर्मचारी है या पेंशन प्राप्त करता है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलता.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से