भारत
आज हम आपको एक ऐसी ऐतिहासिक इमारत के बारे में बताने जा रहे है जो लगभग 400 पुरानी है. अब ये इमारत विकास का अभाव में अपना आधार खोती जा रही है लेकिन अपने समय पर इस किले अपार धन हुआ करता था और पैसा भी छापा जाता था.
भारत में कई प्रसिद्ध और ऐतिहासिक इमारतें हैं जो राष्ट्र की समृध्द संस्कृति और वास्तुकला का प्रमाण आज भी देती है. ये इमारते आज भी भारत की वे कहानियां सुनाती हैं जिन्हें जानना युवा पीढ़ी को बहुत जरूरी है. लेकिन कहीं न कहीं देश में ऐसी इमारते भी है जिसका इतिहास में तो बड़ा नाम रहा पर वर्तमान में उनका अस्तित्व कहीं खो सा गया है. न केवल एक बल्कि अगर ठीक से खोजा जाएं तो देश में कई ऐसी जगह मिल जाएगी जो आज भी अपनी पहचान बचाएं खड़ी हुई हैं और डर है कि कहीं विकास की आस में वह किसी दिन अपना आधार ही न खो दें.
यूपी के श्रीनगर किले का गौरवमयी इतिहास
आज हम इस लेख में आपको एक ऐसे ही किले के बारे में बताने जा रहे है. हम जिस किले की बात कर रहे है वह विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल खजुराहो से 50 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित हैं. यह किला महोबा जिला मुख्यालय से मात्र 15 किमी की दूर श्रीनगर नाम के कस्बे में है इसे 'श्रीनगर किला व बुंदेलखंड का लालकिला' के नाम से भी जाना जाता है. इसकी वजह है कि इस किले का निर्माण लाल पत्थरों से किया गया है. विंध्य पर्वत श्रृंखलाओं के अंतिम छोर बनी ये विशाल और भव्य इमारत किसी अजूबे से कम नहीं, ये किला चंदेल कालीन वास्तु कला एवं स्थापत्य कला का अद्भुत नमूना है.
कब और किसने काराया निर्माण
इस किले का निर्माण बुंदेलखंड के महाराज राजा छ्त्रसाल के दत्तक पुत्र राजा मोहन सिंह ने 17वीं शताब्दी में करवाया था. इसका निर्माण के साथ ही नगरस्थापना भी हुई थी. जब नगरस्थापना और इस किले का निर्माण कराया जा रहा था सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया गया था. नगर की सुरक्षा हेतु श्रीनगर के चारों तरफ एक वृत्ताकार एक कई फीट गहरी खाई खुदवाई गई थी. वहीं नगर से बाहर आने-जाने के लिए मुख्य दो दरवाजे बनवाएं गए थे. पहला दरबाजा महोबा दरबाजा और दूसरा मऊ दरबाजा के नाम से जाना जाता है जो आज भी मौजूद हैं.
किले के भीतर क्या-क्या है?
यहां के निवासी अनिल शुक्ला ने बताया कि इस किले की चारों दिशाओं में गगनचुंबी बुर्जे बने हुए हैं, जिनमें तोप की नली निकलने के लिए नली नुमा छेद हैं. वह कहते है उस समय यहां से ही खडे़ होकर सैनिक पूरे किले की सुरक्षा किया करते थे. इस किले के भीतर दो बावलियां भी है जिनमें नीचे तक उतरने के लिए सीढ़िया लगी हुई है. उस समय जब बावलियों में राजा स्नान किया करते थे तो कपड़े बदलने के लिए नीचे ही बड़े-बड़े कमरे बने हुए हैं.
बुंदेलखंड की एकमात्र टकसाल
400 साल पुराने इस किले में पहले बुंदेलखंड की एकमात्र टकसाल भी हुआ करती थी. अनिल शुक्ला ने बताया की इस टकसाल में सोने की मुहरें व चांदी के सिक्के ढ़ाले जाते थे, जिनको 'घुटौआ' कहा जाता था. ये सिक्के 1855 की क्रांति के समय तक चलन में रहे. कहा जाता है कि श्रीनगरी सिक्का शुद्ध चांदी का होता था यह कभी खोटा नहीं होता था ये सिक्का लोगों को आज भी अपने मकान की नींव खुदाई या गड्ढे खुदाई में यह सिक्के मिल जाते हैं. लगभग 25 एकड़ में फैले हुए ये विशाल किला आज विकास के अभाव में अपना अस्तित्व खोता जाता है.
क्या है किले की वर्तमान स्थिति
वर्तमान स्थित की बात करें तो इस किले में जो राजा का दरबार हुआ करता था जहां पर वे जनता की फरयाद सुना करते थे उस इमारत में एक प्राइमरी विद्यालय चल रहा हैं. वहीं बावलियां, गुंबद, बुर्जे, दीवारें, सुरंगे, तोपखाना, घुड़साल फांसी ग्रह जैसी चीजे खंडहर होती जा रही हैं. राजमहल की दीवारें बीच-बीच से पूरी तरह से गिर गई हैं. यहां के लोग चाहते है कि खजुराहो से महोबा पर्यटन मानचित्र में यदि श्रीनगर को जोड़ दिया जाए तो बुंदेलखंड में एक पर्यटन हब बन सकता है.
पुनर्निमाण के लिए पास हुआ था बजट
अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर 2022 में महोबा के गोरखगिरि धाम और श्रीनगर के किला को विकसित करने के लिए 32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे. तत्कालीन हमीरपुर-महोबा सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने शिवतांडव मंदिर में पूजा-अर्चना कर विकास कार्य का शिलान्यास किया. अगर इस पैसे से श्रीनगर किले के पुर्निमाण या विकास की बात करें तो विकास के नाम पर यहां, मुख्य गेट और दीवार की मरम्मत रंगाई पुताई, वाबलियों में सफाई कर बाहर की तरफ जाली लगवा दी गई. मंडी तरफ की दीवार का निर्माण कराया गया और किले के बीचोंबीच एक चबूतरानुमा सेल्फी प्वाइंट बनवाया गया.
क्या कहते है श्रीनगर के लोग
इस विकास और जीर्णोधार के बारे में जब स्थानीय लोगों से बात की उन्होंने बताया कि किले के लिए स्वीकृत हुई राशि के अनुसार ये विकास पर्याप्त नहीं है. फिलहाल प्रशासन को जरूरत है कि विकास के अभाव में अपना आधार खोती इस ऐतिहासिक इमारत पर ध्यान देकर पुराने इतिहास को फिर से जीवित किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ी के लिए हम इसे संरक्षित रख सके. श्रीनगर कस्बे के एक बात और इस कस्बे की बनी हुई मूर्तियां पूरी दुनिया में फेमस हैं. यहां की बनी हुई नटराज, रामदरबार और राधा कृष्ण की मूर्तियां आपको देश-विदेश में मिल जाएंगी. लोगों का ये भी कहना है कि किले की सुरक्षा न होने की वजह से यहां के लोग सोने-चांदी के सिक्को की लालच में चोरी-छिपे खुदाई करते रहते हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.