भारत
गुजरात पुलिस ने डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कीर्ति पटेल को गिरफ्तार किया है, जो पिछले 10 महीनों से फरार चल रही थीं.
कीर्ति पटेल, जिन्हें कीर्ति अड़ालजा के नाम से भी जाना जाता है, एक गुजराती डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं. इंस्टाग्राम पर इनके 1.3 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और यूट्यूब पर करीब 2 लाख सब्सक्राइबर्स. वे अपने बोल्ड वीडियो और तीखे सोशल मीडिया पोस्ट्स के लिए जानी जाती हैं.
सूरत के एक बिल्डर से 2 करोड़ रुपये की वसूली के आरोप में कीर्ति पटेल के खिलाफ जून 2024 में एफआईआर दर्ज की गई थी. इस केस में कुल 5 आरोपी थे, जिनमें से चार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था. कीर्ति पिछले 10 महीनों से फरार चल रही थीं.
सूरत पुलिस ने बताया कि कीर्ति पटेल लगातार अपना लोकेशन, सिम कार्ड और IP एड्रेस बदल रही थीं. बावजूद इसके, पुलिस ने साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से उनकी लोकेशन ट्रैक की. इंस्टाग्राम की लोकेशन डेटा की मदद से आखिरकार उन्हें अहमदाबाद के सरखेज इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया.
फरारी के दौरान भी कीर्ति सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव रहीं. उन्होंने प्रयागराज के महाकुंभ से वीडियो पोस्ट किया, साथ ही अपने बर्थडे पर एक खास मैसेज भी फॉलोअर्स के लिए शेयर किया. यहां तक कि उन्होंने एक वीडियो में एफआईआर को खारिज किए जाने की खबर भी शेयर की और अपने समर्थकों का धन्यवाद दिया. सूरत पुलिस के अनुसार, कीर्ति पटेल पर लैंड ग्रैबिंग सहित कई अन्य केस भी दर्ज हैं. पुलिस अब इन मामलों में भी पूछताछ करेगी.
यह भी पढ़ें: पिता की हत्यारी निकली एक और 'सोनम बेवफा', मासूम बेटे ने खोला खूनी रात का राज