भारत
Karnataka Murder News: कर्नाटक के कोप्पल जिले में शनिवार को प्रॉपर्टी विवाद के चलते एक युवक की बेकरी के भीतर निर्मम हत्या कर दी गई. यह खौफनाक वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
Karnataka Murder News: कर्नाटक के कोप्पल जिले के तावरेगेरे कस्बे में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली हत्या ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया. सिंधनूर सर्कल क्षेत्र की एक बेकरी में दिन-दहाड़े युवक की तलवार और चाकू से हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान चेनप्पा नारिनाल के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, हत्या प्रॉपर्टी विवाद के चलते की गई. सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब चेनप्पा बेकरी के बाहर खड़ा था. अचानक कुछ लोग हथियार लेकर आए और उस पर हमला कर दिया. जान बचाने के लिए वह बेकरी के अंदर भागा, लेकिन हमलावर पीछा करते हुए अंदर घुसे. वहां कुछ ही सेकंड में उस पर तलवार, चाकू और लाठी से ताबड़तोड़ हमले कर दिए.
इस भयावह हत्या की पूरी घटना बेकरी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चेनप्पा जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहा है और हमलावर लगातार उसका पीछा कर रहे हैं. एक हमलावर ने उसके सिर पर लकड़ी का लट्ठा मारा, वहीं अन्य चाकू से हमला करते रहे. पूरा हमला दो मिनट से भी कम समय में अंजाम दिया गया. चेनप्पा बेकरी के अंदर चक्कर लगाता रहा, लेकिन हमलावरों की संख्या ज्यादा होने के कारण वह खुद को नहीं बचा सका. अंत में वह बाहर भागा, लेकिन वहां भी दो से तीन लोगों ने उसे घेर कर चाकुओं से गोद डाला.
पुलिस ने इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. बाकी आरोपियों की तलाश जारी है. शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि हत्या के पीछे जमीन का पुराना विवाद था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.