भारत
कनाडा में कपिल शर्मा के रेस्टोरेंट पर हुई गोलीबारी की जांच में चौंकाने वाला मोड़ आया है. इस वारदात के तार भारत के मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर हरजीत सिंह उर्फ लाडी से जुड़ते नजर आ रहे हैं.
हाल ही में कनाडा में मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग की घटना ने सबको चौंका दिया. एक वीडियो सामने आया जिसमें एक हमलावर कार से उतरकर कैफे पर अंधाधुंध गोलियां चलाता दिखा. फायरिंग के बाद आरोपी फरार हो गए. शुरुआती तौर पर ये घटना धमकी मानी जा रही थी, लेकिन जांच में एक बड़ा नाम सामने आया हरजीत सिंह उर्फ लाडी.
हरजीत सिंह, पंजाब के नवांशहर जिले के गांव गरपधाना का रहने वाला है. दिखने में एक आम युवक लगने वाला यह शख्स दरअसल खालिस्तानी विचारधारा का कट्टर समर्थक है. NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) ने उसे आतंकी घोषित किया है और उस पर ₹10 लाख का इनाम घोषित कर रखा है.
हरजीत लाडी बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) जैसे खतरनाक आतंकी संगठन से जुड़ा हुआ है. उसके विदेशी आकाओं के साथ संपर्क और फंडिंग नेटवर्क की पुष्टि NIA की जांच में हुई है. डिजिटल चैट्स, संदिग्ध लेन-देन और हथियारों की योजना जैसे साक्ष्य उसके खिलाफ इकठ्ठा किए गए हैं.
लाडी का नाम विहिप नेता विकास बग्गा की हत्या की साजिश में भी सामने आया है. जून 2024 में हुए इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की जांच NIA को सौंपी गई थी, जिसके तहत हरजीत सिंह को इस साजिश का मुख्य मास्टरमाइंड बताया गया है. केस संख्या RC-06/2024/NIA/DLI के तहत यह जांच चल रही है.
7 जुलाई 2024 को NIA ने लाडी का वॉन्टेड पोस्टर जारी किया था, जिसमें उसकी असली फोटो और स्केच दोनों शामिल थे. लेकिन अब तक वह गिरफ्त से बाहर है. उसकी तलाश पंजाब से लेकर कनाडा तक की जा रही है.
हरजीत लाडी सिर्फ एक अपराधी नहीं, बल्कि भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बन चुका है. NIA को उम्मीद है कि उसकी गिरफ्तारी से कई आतंकी मॉड्यूल, फंडिंग नेटवर्क और गैंग गठजोड़ का पर्दाफाश होगा.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.