भारत
JPSC-JSSC Protest: झारखंड में चल रहे अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन के बीच JSSC ने अपनी परीक्षाओं में कई अहम बदलाव का ऐलान किया है. अब मुख्य परीक्षा का आयोजन सीबीटी मोड में किया जाएगा. आइए जानते हैं कि परीक्षाओं में क्या-क्या बदलाव किए गए हैं.
JPSC-JSSC Protest: झारखंड में पेपर लीक मामलों को लेकर JPSC-JSSC अभ्यर्थी आज विधानसभा का घेराव करेंगे. पेपर लीक को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन पिछले कई दिनों से लगातार चल रहा है. वहीं ऐसे में कल JSSC चेयरमैन ने कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षार्थियों में कई अहम बदलावों का ऐलान किया, जिसके तहत अब मुख्य परीक्षा का आयोजन सीबीटी मोड में किया जाएगा. आइए जानते हैं कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष कौन हैं और परीक्षाओं में क्या-क्या बदलाव किए गए हैं.
मौजूदा समय में आईएएस प्रशांत कुमार झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के चेयरमैन हैं. वह झारखंड कैडर 2004 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं. वर्तमान में झारखंड के जल संसाधन विभाग में सचिव के पद पर तैनात हैं. उनके पास झारखंड के वित्त विभाग के सचिव का भी प्रभार है.
वह झारखंड के रहने वाले हैं. उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग से B.Sc (ऑनर्स) किया है. इसके बाद उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की. वह झारखंड में कई प्रमुख प्रशासनिक पदों पर रह चुके हैं.
पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर रांची में अभ्यर्थी पिछले कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं. आज अभ्यर्थी विधानसभा का घेराव करेंगे. इसी बीच कल जेएसएससी अध्यक्ष ने कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में कई बदलावों का ऐलान किया, जिसके तहत अब आयोग की मुख्य परीक्षा का आयोजन पेन पेपर मोड के बजाए सीबीटी मोड में किया जाएगा.
JSSC अध्यक्ष ने कहा कि अब आयोग की जिस भी भर्ती परीक्षाओं में आवेदकों की संख्या 50 हजार से अधिक होंगी. उनकी चयन प्रक्रिया प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा के जरिए की जाएगी. वहीं प्रारंभिक परीक्षा पैटर्न में बदलाव की भी घोषणा की गई. प्रशांत कुमार ने कहा कि अब प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन एक ही दिन में तीन शिफ्टों में किया जाएगा.
तीनों शिफ्टों के प्रश्न-पत्र अलग-अलग होंगे. उन्होंने बताया कि जिस दिन परीक्षा होंगी, उसी दिन यह तय किया जाएगा कि कौन सा पेपर किस चरण की परीक्षा में भेजा जाएगा. उन्होंने कहा कि यह बदलाव पेपर लीक और नकल माफियाओं की के खिलाफ एक बड़ा कदम साबित होगा.
किसी भी भर्ती प्रक्रिया के मुख्य परीक्षा में पदों के 15 से 20 गुना अभ्यर्थियों का चयन प्रारंभिक परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा. मेन्स एग्जाम भी अब सीबीटी मोड में आयोजित किया जाएगा. इससे पेपर लीक की संभावना खत्म हो जाएगी.
अभ्यर्थियों को प्रस्तावित विधानसभा कार्यक्रम को देखते हुए रांची में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. रांची सिटी SP पारस राणा ने कहा कि एहतियात के तौर पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्रों के शामिल होने की उम्मीद है. वहीं अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन के बीच JPSC अध्यक्ष सहित तीन सदस्यों से इस्तीफा दे दिया है.
ये भी पढ़ें - किस देश की सेना के पास सबसे ज्यादा टैंक हैं? इंडियन आर्मी पांचवें नंबर पर, कहां खड़ा है पाकिस्तान