भारत
लैंडस्लाइड के बाद से वैष्णो देवी की यात्रा को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया है. इसके साथ ही अगले 24 घंटों के लिए मौसम विभाग ने आसमानी आफत की चेतावनी जारी की है.
जम्मू वैष्णो देवी मंदिर मार्ग अचानक से लैंडस्लाइड की वजह से करीब 31 लोगों की मौत हो गई. मौके पर अफरा तफरी मच गई. मौके पर पहुंची पुलिस और एनडीआरएफ की टीम राहत बचाव कार्य कर रही है. बताया जा रहा है कि भारी बारिश के चलते भूस्खलन हुआ है. इसके चलते वैष्णो देवी की यात्रा को बंद कर दिया गया है. इसके साथ ही स्कूल कॉलेज बंद होने के साथ ही दूरसंचार सेवाएं ठप हैं. दूरसंचार ऑपरेटरों ने कहा कि सेवाओं को जल्द ही बहाल कर दिया जाएगा.
जानकारी के अनुसार, अधिकारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास भूस्खलन की घटना हुई और प्रशासन का बचाव अभियान जारी है. यह घटना मंगलवार देर रात की है. इसी को देखते हुए मंदिर तक जाने वाले 12 किलोमीटर के घुमावदार रास्ते के लगभग आधे रास्ते में यह आपदा आई और यात्रा रोकनी पड़ी. जम्मू-कश्मीर के कटरा में वैष्णो देवी मंदिर के पास भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई है.
रियासी के एसएसपी परमवीर सिंह ने बताया कि "जम्मू-कश्मीर के कटरा में वैष्णो देवी मंदिर के पास भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 31 लोगों की जान चली गई है." अन्य लोगों का पता लगाने के साथ ही राहत बचाव कार्य चल रहा है. वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के कटरा जिले में वैष्णो देवी मंदिर के पास हुए भूस्खलन को "बेहद दुखद" बताया. उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात की है और केंद्र की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है.
स्थानीय प्रशासन घायलों की सहायता के लिए राहत एवं बचाव कार्य में लगा हुआ है और एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है. लगातार हो रही बारिश के बीच, सीआरपीएफ की छठी बटालियन के जवानों ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए बचाव अभियान चलाया और घायलों को कटरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. टीम ने फंसे हुए तीर्थयात्रियों की भी मदद की और उन्हें आवश्यक चिकित्सा एवं रसद सहायता प्रदान की जा रही है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.