भारत
पंजाब में एक बार फिर गैंगवार ने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया है. इस बार बटाला में गैंगवार ने पहली बार परिवार को बनाया निशाना. जिसके बाद पुलिस जांच में जुटी है.
पंजाब के बटाला शहर में गुरुवार रात हुए डबल मर्डर ने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. गैंगवार की आग अब परिवारों तक पहुंच गई है. कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां हरजीत कौर और उसके करीबी करणवीर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस हमले की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग ने सोशल मीडिया पर ली है. अब तक गुर्गे ही निशाने पर होते थे, लेकिन इस बार परिवार को भी बख्शा नहीं गया.
पंजाब के बटाला शहर में गुरुवार रात करीब 9 बजे हुए डबल मर्डर ने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया है. पहली बार गैंगवार का निशाना किसी गैंगस्टर का परिवार बना है. यह वारदात बटाला के कादिया चुंगी इलाके में हुई, जहां स्कॉर्पियो कार में बैठे कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां हरजीत कौर और उसका खास सहयोगी करणवीर सिंह गोलीबारी में मारे गए.
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक सफेद स्कॉर्पियो कार सड़क किनारे खड़ी थी. तभी दो युवक बाइक पर आते हैं, जिनकी नंबर प्लेट ढकी हुई थी. बाइक रुकते ही शूटर्स ने स्कॉर्पियो की ड्राइविंग सीट पर फायरिंग शुरू कर दी. इस हमले में कुल चार गोलियां चलीं जिसमें तीन तुरंत और एक जाते-जाते चलाई गई. गोलीबारी इतनी तेज थी कि चार सेकंड में दोनों को गंभीर चोटें आईं.
यह भी पढ़ें: जगन्नाथ रथ यात्रा में उमड़ी भीड़ में अफरातफरी, 500 से ज्यादा श्रद्धालु घायल
करणवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरजीत कौर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कुछ घंटों में उसकी भी मौत हो गई. करणवीर, भगवानपुरिया का बेहद करीबी बताया जा रहा है और भीखोवाल गांव का रहने वाला था. इस हमले की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग ने सोशल मीडिया के ज़रिए ली है. बंबीहा और भगवानपुरिया गैंग के बीच पुरानी दुश्मनी रही है, लेकिन यह पहली बार हुआ है कि किसी गैंगस्टर के परिवार को सीधे निशाना बनाया गया है. बहराहल, इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है. यह वारदात पंजाब में बढ़ती गैंगवार और गिरती कानून व्यवस्था की गंभीर तस्वीर पेश करती है, जहां अब आम लोगों का भी सुरक्षित रहना मुश्किल होता जा रहा है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.