भारत
उदित राज ने शशि थरूर पर निशाना साधते हुए कहा, 'आप कांग्रेस के स्वर्णिम इतिहास को यह कहकर कैसे बदनाम कर सकते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी से पहले भारत ने कभी LOC और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार नहीं की.'
ऑपरेशन सिंदूर का मकसद और पाकिस्तान का आतंकी प्रेम का मुखौटा दुनिया के सामने उजागर करने के लिए भारत सरकार ने 59 सांसदों को 33 देशों में भेजा है. इन 59 सांसदों को 7 सर्वदलीय टीमों यानी डेलिगेशन में बांटा गया है. इनमें से एक डेलिगेशन का नेतृत्व कांग्रेस सांसद शशि थरूर कर रहे हैं, जो अमेरिका, गुयाना, पनामा, ब्राजील और कोलंबिया के दौरे पर है. इस बीच शशि थरूर के बयानों के लेकर कांग्रेस भड़क गई है.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उदित राज ने कहा कि शशि थरूर को ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पाकिस्तान की पोल खोलनी चाहिए, लेकिन वह तो विदेश में जाकर मोदीनामा पढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी के 'सुपर प्रवक्ता' को वापस लौटने से पहले भारत का विदेश मंत्री बना देना चाहिए.
कांग्रेस के स्वर्णिम इतिहास को बदनाम करने की कोशिश
उदित राज ने एक्स पर लिखा, 'मेरे प्रिय शशि थरूर काश! मैं प्रधानमंत्री मोदी को मना लेता कि वे आपको भाजपा का सुपर प्रवक्ता घोषित कर दें, यहां तक कि भारत आने से पहले ही विदेश मंत्री घोषित कर दें. आप कांग्रेस के स्वर्णिम इतिहास को यह कहकर कैसे बदनाम कर सकते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी से पहले भारत ने कभी LOC और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार नहीं की.
उन्होंने आगे कहा, '1965 में भारतीय सेना ने कई जगहों पर पाकिस्तान में प्रवेश किया, जिससे लाहौर सेक्टर में पाकिस्तानियों को पूरी तरह से आश्चर्य हुआ. 1971 में भारत ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए और UPA सरकार के दौरान कई सर्जिकल स्ट्राइक की गईं, लेकिन राजनीतिक रूप से इसका ढोल नहीं पीटा गया। जिस पार्टी ने आपको इतना कुछ दिया, उसके प्रति आप इतने बेईमान कैसे हो सकते हैं?'
बीजेपी ने निशाना साधा
कांग्रेस नेता उदित राज के बयान पर बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान बेनकाब हो रहा है, तो कांग्रेस को दर्द महसूस हो रहा है. इसी कारण राहुल गांधी ने उदित राज को शशि थरूर को भला-बुरा कहने का निर्देश दिया है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.