भारत
इंडिगो के दिल्ली से रायपुर पहुंचे विमान में तकनीकी खराबी आने की वजह से फ्लाइट का मुख्य दरवाज़ा जाम हो गया. विमान के अंदर करीब आधे घंटे तक छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल फंसे रहे.
रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में उस वक्त हड़कंप मच गया जब इंडिगो की फ्लाइट का मुख्य दरवाजा जाम हो गया. तकनीकी खराबी आने की वजह से दरवाज़ा खुल नहीं पाया और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत सभी यात्री आधे घंटे तक विमान में फंसे रहे.इंडिय इंडिगो की फ्लाइट 6E 6312 बुधवार 18 जून को दोपहर में अपने तय समय पर दिल्ली से रायपुर एयरपोर्ट पहुंची थी. इस विमान में बघेल के अलावा रायपुर की मेयर मीनल चौबे और सरायपाली विधायक चतुरी नंद भी सवार थे. लैंडिंग के बाद जब क्रू मेंबर्स ने प्लेन का दरवाज़ा खोलने की कोशिश की तो दरवाज़ा खुला नहीं. इसके बाद प्लेन का दरवाज़ा खोलने के लिए टेक्निकल स्टाफ की मदद ली गई.
रायपुर की महापौर मीनल चौबे के मुताबिक, फ्लाइट अपने तय समय दोपहर 2:20 पर लैंड हुई लेकिन उसका दरवाज़ा नहीं खुल पाया. महापौर ने बताया, 'जब हमने क्रू से पूछा तो उन्होंने बताया कि तकनीकी खराबी की वजह से दरवाज़ा खुल नहीं पा रहा है और वो खोलने की कोशिश में जुटे हैं. 30 मिनट बाद हमने उनसे कहा कि बाहर से मदद ले लें, इसके बाद ग्राउड स्टाफ ने दरवाज़ा खोला.' मीनल चौबे ने कहा कि अहमदाबाद में हो हादसा हुआ है उसके बाद ऐसी छोटी-छोटी तकनीकी दिक्कतें भी बड़ी लगती हैं और हादसे की याद दिलाती हैं.
इंडिगो ने इस घटना की वजह से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगते हुए कहा कि मामूली तकनीकी खराबी आने की वजह से दरवाज़ा खोलने में परेशानी आई. इंडिगो ने कहा, 'स्डैंटर्ड सेफ्टी प्रोसीजर्स का पालन करते हुए दरवाज़ा खोला गया.'
अहमदाबाद में 12 जून को हुए प्लेन क्रैश के बाद विमानों में तकनीकी खराबी से जुड़ी कई खबरें सामने आई हैं. हाल के दिनों में कई विमानों को टेकऑफ के बाद अपने ओरिजिन पर वापस भेजने की घटनाएं भी सामने आई हैं. इस वजह से हवाई यात्रा करने वाले लोगों में पैनिक की स्थिति बनी हुई है. बता दें कि, अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश में विमान में सवार 242 में से 241 लोगों की मौत हो गई थी, वहीं ग्राउंड पर मौजूद कई लोग भी मारे गए थे. हादसे में अब तक 274 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से