भारत
भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर देशभर में करीब 74,000 यात्री डिब्बों सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला किया है. ये कैमरे कोच के चारों कोनों पर होंगे.
भारत दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क है. यहां हर दिन करोड़ों लोग ट्रेन से सफर करते हैं. ऐसे में उनकी सुरक्षा रेलवे के लिए बड़ी चुनौती होती है. इस समस्या से निपटने के लिए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है. रेलवे ने ट्रेन के हर कोच में CCTV कैमरे लगाने का फैसला किया है.
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, देशभर में करीब 74,000 यात्री डिब्बों और 15,000 लोकोमोटिव इंजनों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. ट्रेन के हर कोच में चार कैमरे होंगे. ये कैमरे चारों कोने पर लगाए जाएंगे. यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी प्राइवेसी का भी ध्यान रखा गया है. ट्रेन के ऐसे हिस्से में कोई कैमरा नहीं होगा जहां उनकी प्राइवेसी का हनन हो.
जानकारी के अनुसार, ये सीसीटीवी कैमरे सामान्य आवाजाही वाले हिस्सों में लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों की प्राइवेसी बनी रहे और असामाजिक तत्वों नजर रखी जा सके. यह कदम मॉडर्न टेक्नोलॉजी और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की दिशा में रेलवे का बड़ा प्रयास है.
इन सीसीटीवी कैमरों में AI तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. रेज रफ्तार दौड़ती ट्रेन से साफ फुटेज रेलवे आसानी से देख सकेगी.
महिला के साथ हुआ था गैंगरेप
ट्रेनों में क्राइम की घटनाएं पिछले कुछ समय से बढ़ गई हैं. हाल ही में हरियाणा के पानीपत की एक महिला के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई थी. महिला स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही थी. इसी दौरान एक व्यक्ति आया और उसने महिला से कहा कि उसके पति ने उसे भेजा है. महिला आरोपी के कहने पर ट्रेन के खाली कोच में चढ़ गई, जहां उसने महिला से रेप किया. इसके बाद अपने दो और साथियों को बुला लिया. उन्होंने भी महिला से दुष्कर्म किया. इसके बाद आरोपियों ने महिला को ट्रैक पर फैंक दिया. जिसमें महिला ने अपना एक पैर गंवा दिया. इस हादसे के बाद ट्रेन में सुरक्षा को लेकर मांगें तेज हो गईं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.