भारत
India Pakistan Tensions: भारत और पाकिस्तान दोनों के पास परमाणु हथियार हैं और वे त्रिस्तरीय रणनीतिक क्षमता से सुसज्जित हैं. इस रिपोर्ट में हम उनकी परमाणु क्षमताओं का विश्लेषण करेंगे और इसके संभावित परिणामों पर चर्चा करेंगे.
India Pakistan Tensions: दक्षिण एशिया एक बार फिर बेहद नाज़ुक दौर से गुजर रहा है. भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव , विशेषकर जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले और उसके जवाब में भारत की सैन्य कार्रवाइयों ने दोनों देशों के परमाणु शस्त्र की चर्चा को फिर सतह पर ला दिया है. पाकिस्तान के नेताओं की ओर से खुलेआम परमाणु हमलों की धमकी दी जा रही है, जिससे माहौल और भी भयावह हो गया है. हालांकि पाकिस्तान और भारत दोनों ही परमाणु हथियारों से लैस हैं और उनके पास त्रिस्तरीय रणनीतिक क्षमता (land, air, sea) मौजूद है. इस रिपोर्ट में हम समझेंगे कि दोनों देशों की परमाणु क्षमता कैसी हैं, युद्ध की स्थिति में क्या संभावनाएं हैं और क्यों संयम ही इस समय की सबसे बड़ी जरूरत है.
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने कड़ी जवाबी कार्रवाई की है. इसके बाद पाकिस्तान के सियासी गलियारों में जो बयानबाजी शुरू हुई, उसने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है. पाकिस्तान के वरिष्ठ नेताओं द्वारा परमाणु हथियारों का जिक्र करना न केवल चिंता का विषय है, बल्कि यह दक्षिण एशिया की स्थिरता पर बड़ा सवाल भी खड़ा करता है.
पाकिस्तान के मंत्री हनीफ अब्बासी ने बीते महीने एक बयान देते हुए कहा, 'हमने गौरी, शाहीन, गजनवी और 130 परमाणु हथियार सिर्फ भारत के लिए रखे हैं.' उनके इस बयान ने यह संकेत दिया कि पाकिस्तान की सैन्य नीति में अब खुले तौर पर परमाणु शक्ति के प्रदर्शन का स्थान बनता जा रहा है. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने हाल ही में Reuters को दिए इंटरव्यू में कहा कि, 'हम परमाणु हथियार तभी इस्तेमाल करेंगे जब हमारी अस्तित्व पर सीधा खतरा हो.' उनका यह बयान पाकिस्तान की आधिकारिक नीति को दोहराता है, लेकिन वर्तमान हालात में ऐसे बयानबाजी का दिया जाना गंभीर चिंता का कारण है.
इसी बीच, 10 मई 2025 (शनिवार) को यह रिपोर्ट सामने आई कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नेशनल कमांड अथॉरिटी (NCA) की आपात बैठक बुलाई थी. NCA वह शीर्ष संस्था है जो पाकिस्तान के परमाणु हथियारों पर नियंत्रण रखती है. हालांकि कुछ ही समय बाद रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इस खबर का खंडन करते हुए कहा, 'ना तो ऐसी कोई बैठक हुई है और ना ही ऐसी कोई बैठक निर्धारित है.'
रक्षा मामलों के जानकार मानते हैं कि अगर इस तरह की रणनीतिक बैठकें हो रही हैं या फिर उनके बारे में भ्रम फैलाया जा रहा है, तो इसका असर दोनों देशों की सैन्य सोच और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति पर पड़ सकता है. भारत पहले ही ‘नो फर्स्ट यूज़’ (NFU) की नीति पर कायम है, लेकिन पाकिस्तान की अस्पष्ट और कभी-कभी आक्रामक परमाणु रणनीति को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: ये रहे ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए आतंकियों के नाम, 6 और 7 मई की दरमियानी रात mudassar Khan समेत 5 हुए थे ढ़ेर
यदि भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध होता है, तो इसका खामियाजा दोनों देशों को भुगतना पड़ेगा. लाखों लोगों की जान जा सकती है, प्रमुख शहर तबाह हो सकते हैं और पीढ़ियों तक रेडिएशन का असर बना रह सकता है. वैश्विक अर्थव्यवस्था पर इसका बड़ा असर होगा और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियां और गंभीर हो जाएंगी. स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) के अनुसार, परमाणु युद्ध के बाद न केवल दक्षिण एशिया बल्कि पूरी दुनिया की स्थिरता खतरे में पड़ जाएगी. इसीलिए संयम और कूटनीति ही एकमात्र रास्ता है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.