Advertisement

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर विपक्ष एकजुट! संसद से चुनाव आयोग के दफ्तर तक हल्ला बोल, धरने पर राहुल-प्रियंका

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मार्च के दौरान कहा कि सरकार लोगों के अधिकारों को छीन रही है. उन्होंने CEC पर सरकार के इशारे पर काम करने का भी आरोप लगाया.

Latest News
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर विपक्ष एकजुट! संसद से चुनाव आयोग के दफ्तर तक हल्ला बोल, धरने पर राहुल-प्रियंका

INDIA ब्लॉक का चुनाव आयोग तक मार्च (फोटो-X)

Add DNA as a Preferred Source
  • विपक्ष के 19 दलों ने संसद से निर्वाचन भवन तक मार्च निकाला 
  • दिल्ली पुलिस ने 300 मीटर दूर विपक्ष को रोक दिया
  • आकाशवाणी भवन के गेट पर राहुल-प्रियंका धरने पर बैठ गए

INDIA ब्लॉक के सांसदों ने मंगलवार (6 अक्टूबर) को वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेसिव रिवीजन  (SIR) और निर्वाचन आयोग के खिलाफ संसद भवन से चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च निकाला. इस दौरान विपक्ष ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की. इस मार्च में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, एनसीपी-एसपी नेता सुप्रिया सुले समेत कई नेता शामिल हुए.

सुरक्षाकर्मियों ने विपक्षी नेताओं को आकाशवाणी भवन गेट पर ही रोक दिया, जहां से निर्वाचन सदन करीब 300 मीटर दूर है. यहीं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी धरने पर बैठ गए. दिल्ली पुलिस ने कई सांसदों को हिरासत में भी लिया है, जिनमें सपा मुखिया अखिलेश यादव और ममता बनर्जी के भतीजे अखिलेश यादव शामिल हैं.

विपक्ष के मार्च के बीच राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगते हुए एक्स पर एक पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, 'ज्ञानेश, हो गया भाई. अब इस्तीफा देने का समय आ गया है.' 

चुनाव आयोग और सीईसी सरकार की कठपुतली: खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मार्च के दौरान कहा कि सरकार लोगों के अधिकारों को छीन रही है. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर सरकार के इशारे पर काम करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा, 'देखिए, हम उस अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं, जिसके तहत सरकार लोगों के सभी अधिकारों को छीन रही है. आजादी के बाद हमें जो सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार मिला था, यह सरकार आज उसे भी खत्म करने का प्रयास कर रही है.'

खड़गे ने कहा, 'चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त, सरकार की सिर्फ एक कठपुतली है. मोदी और शाह उन्हें जो भी करने को कहते हैं, वो ठीक वही करते हैं. इसी वजह से इस देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा. संविधान का अंत हो जाएगा और हिटलर जैसा शासन स्थापित हो जाएगा. इसके जरिए नागरिकों को एक बार फिर गुलामी में धकेला जा रहा है.'

हमने चुनाव आयोग को रंगे हाथ पकड़ा है: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, 'हमें चिलचिलाती धूप या पसीने से कभी डर नहीं लगता. भाजपा के लोग डरे हुए हैं इसीलिए हर जगह बैरिकेड लगाए हुए हैं.' 

सपा चीफ ने कहा, 'अगर भाजपा इतनी निष्पक्ष है तो ज्ञानेश कुमार यहां आकर बताएं कि नंदलाल निषाद के नाम पर किसके जाली हस्ताक्षर बनाए गए थे. दशरथ के नामपर 100 फॉर्म किसने जाली बनाए? मुख्य चुनाव आयुक्त को यहां आकर जवाब देना चाहिए. हमने उन्हें रंगे हाथों पकड़ा है. समाजवादियों ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ा है. नियमों में साफ लिखा कि आप 5 से ज्यादा वोट नहीं हटा सकते या 5 से ज्यादा फॉर्म-7 जमा नहीं कर सकते. फिर भी 100 से ज्यादा फॉर्म धोखाधड़ी से भरे गए. '

विपक्ष के मार्च में BJD भी शामिल: पवन खेड़ा

INDIA ब्लॉक के इस मार्च में बीजू जनता दल के सांसद भी शामिल हैं. कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा, 'नई बात ये है कि बीजेड़ी भी हमारे साथ जुड़ गई है. कई और लोग भी हमारे साथ जुड़ेंगे.'

SIR के जरिए लोगों का वोट छीन रहा चुनाव आयोग: कार्ति चिदंबरम

कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग एसआईआर के जरिए नागरिकों को मताधिकार से वंचित कर रहा है. उन्होंने फॉर्म 6 और 7 में किए गए बदलावों पर सवाल उठाते हुए सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की. कार्ति चिदंबरम ने कहा, 'यह एक गंभीर मुद्दा है. 18 साल से अधिक उम्र का कोई भी व्यक्ति जो भारत का नागरिक है, उसे मतदान का मौलिक अधिकार है, लेकिन चुनाव आयोग ने एसआईआर के जरिए नागरिकों को उनके मौलिक अधिकार से वंचित कर दिया. मतदान करने का आपका अधिकार इस बात पर निर्भर नहीं करता कि आपके माता-पिता वोटर थे या नहीं. यह ऐसा सवाल नहीं है जो फॉर्म 6 में पूछा जा सके. फॉर्म 6 में ये सवाल किसने डाले. अगर आप इस सवाल का जवाब नहीं दे सकते तो आप वोटर के रूप में अपना नाम दर्ज नहीं करा सकते.'

चिदंबरम ने फॉर्म 7 को लेकर आरोप लगाया कि इसका इस्तेमाल बड़े पैमाने पर वोटर लिस्ट से नामों को हटाने के लिए किया जा रहा है. उन्होंने कहा, 'कर्नाटक में यह बात सामने आई है कि भाजपा के पार्टी कार्यकर्ता ने मतदाताओं के नाम हटाने के लिए 7000 फॉर्म 7 आवेदन दाखिल किए हैं. यह प्रक्रिया का दुरुपयोग है.'

बीजेपी क्यों दे रही चुनाव आयोग की तरफ से सफाई: धर्मेंद्र यादव

समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव से जब पूछा गया कि बीजेपी का कहना है कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रहा है. इसके जवाब में उन्होंने कहा, 'भाजपा को ये कहते हुए शर्म आनी चाहिए. उन्हें इस पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है. उन्होंने चुनाव आयोग की नियुक्ति कमेटी से सीजेआई को हटा दिया और अपने कैबिनेट के एक मंत्री को शामिल कर लिया. 150 सांसदों को निष्कासित करके कानून पास करने के बाद भाजपा किस आधार पर ये बोल सकती है?'

सपा सांसद ने ये भी सवाल उठाया कि बीजेपी चुनाव आयोग की ओर से सार्वजनिक रूप से बयान क्यों दे रही है? उन्होंने कहा, 'निर्वाचन आयोग को खुद स्पष्टीकरण देना चाहिए. भाजपा कौन होती है, उनकी ओर से सफाई देने वाली. विपक्ष के सवाल चुनाव आयोग से ही हैं-भाजपा उनका बचाव क्यों कर रही है? वे उनका बचाव इसलिए कर रहे हैं क्योंकि चुनाव आयोग भाजपा के इशारों से चलता है.'

दिल्ली को पूरी तरह सील कर दिया, ये आपातकाल: मसूद

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती पर भी सवाल उठाए. उन्होंने इसकी तुलना इमरजेंसी से कर डाली. मसूद ने कहा, 'उन्होंने दिल्ली को चारों ओर से पूरी तरह सील कर दिया है. अगर ये आपातकाल नहीं है तो फिर क्या है? 70 साल से जिस संस्था पर भरोसा किया जाता रहा, उसकी विश्वसनीयता एक व्यक्ति की वजह से खत्म हो गई है. सुप्रीम कोर्ट की इतनी कड़ी फटकार के बाद भी क्या उनमें इस्तीफा देने की बुनियादी नैतिकता नहीं है. उन्हें इस्तीफा देना ही चाहिए.'

SIR भारतीय राजनीति का सबसे बड़ा धोखा: धर्मवीर गांधी

कांग्रेस सांसद धर्मवीर गांधी ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए चुनाव आयोग पर लोकतांत्रिक सिद्धांतों को कमजोर करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, '13 करोड़ वोट रद्द कर दिए गए हैं और उन्हें वोट देने के अधिकार से वंचित कर दिया गया है. यह भारतीय राजनीति के इतिहास में सबसे बड़ा धोखा है, जिसे इस सरकार ने ज्ञानेश कुमार के सहयोग से भारत की जनता के साथ अंजाम दिया है. हम लोकतंत्र को बहाल करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को बनाए रखने के लिए संघर्ष करेंगे.'

दिल्ली में 3000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

विपक्ष के प्रदर्शन को देखते हुए कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए तीन हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. पुरुषों की 27 और महिलाओं की चार कंपनियां तैनात की गई हैं. संसद भवन से लेकर निर्वाचन सदन तक भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती है.दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करके कनॉट प्लेस, पटेल चौक-मुख्य डाकघर, अशोक रोड, जंतर-मंतर रोड और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन किया है.

ये भी पढ़ें- Explainer:बंगाल, तमिलनाडु से लेकर असम-पुडुचेरी तक, देश में 6 सीटों पर उपचुनाव, किसका कहां बजेगा डंका?

Advertisement
Advertisement

Advertisement