भारत
दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो दिनों में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में पहुंचने वाला है. मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
देशभर में गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए एक राहत की खबर है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 48 घंटों में उत्तर भारत के कई राज्यों में पहुंच सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में मानसून की दस्तक के पूरे आसार हैं. इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में मानसून पहले ही अपनी पहुंच बना चुका है.
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. बादल गरजने के साथ हल्की बारिश पड़ने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. इसी के चलते विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है. बारिश की शुरुआत से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है. राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और जम्मू के शेष हिस्सों में भी मानसून के अगले 2 दिनों में पहुंचने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने बताया कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए जरूरी सभी मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.
यह भी पढ़ें: ना-ना... यह गाजा नहीं, तेल अवीव और हाइफा हैं, देखें ईरानी हमलों ने इजरायल का क्या हाल कर दिया
पूर्वी भारत में भी अब मानसून सक्रिय हो गया है. पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, असम, मेघालय, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और कोंकण-गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और यनम में भी अलग-अलग जगहों पर तेज बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले कुछ दिनों में उत्तराखंड, पूर्वी यूपी, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से