भारत
MP Crime News: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिला अस्पताल में 19 वर्षीय छात्रा की दिनदहाड़े हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्टाफ की निष्क्रियता ने मानवता को शर्मसार कर दिया.
MP Crime News: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां न सिर्फ एक युवती की निर्मम हत्या कर दी गई, बल्कि यह घटना अस्पतालों की लचर सुरक्षा व्यवस्था और समाज की संवेदनहीनता को भी उजागर करती है. 27 जून को एक सरकारी जिला अस्पताल, जो कि मरीजों की देखभाल और इलाज के लिए बना है, वह एक भयावह अपराध स्थल में तब्दील हो गया. एक 19 वर्षीय छात्रा की हत्या दिनदहाड़े, स्टाफ और मरीजों की मौजूदगी में हुई और कोई कुछ नहीं कर सका.
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिला अस्पताल में जो हुआ, उसने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया. 27 जून की दोपहर करीब 2 बजे, 19 वर्षीय संध्या चौधरी 12वीं की छात्रा थी. वह अपने एक दोस्त की भाभी से मिलने अस्पताल पहुंची थी. उसी समय अस्पताल परिसर में पहले से मौजूद अभिषेक कोष्टी नाम के युवक ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया. मिली जानकारी के अनुसार युवक पहले से ही संध्या को परेशान करता था.
अस्पताल के आपातकालीन वार्ड के कैमरे में कैद वीडियो के अनुसार, आरोपी ने पहले संध्या को थप्पड़ मारा, फिर जमीन पर गिरा दिया और सीने पर बैठकर उसकी गर्दन चाकू से रेत दी. यह सब करीब 10 मिनट तक चला, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टर, नर्स, वॉर्ड ब्वॉय और सुरक्षा गार्ड, सभी महज एक दर्शक बने रहे. कुछ तो वहां से गुजरते भी दिखे, जैसे मानो वहां कुछ हुआ ही नहीं है.
यह भी पढ़ें: 'दुकान बंद करो और साउथ अफ्रीका वापस जाओ' सबसे अमीर आदमी Elon Musk को डिपोर्ट करने वाले हैं Donald Trump?
घटना के बाद आरोपी ने खुद की गर्दन काटने की कोशिश की, लेकिन फिर बाइक से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि वह दोपहर से अस्पताल में मंडरा रहा था. इस घटना के बाद डर के मारे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती 11 में से 8 मरीजों ने उसी दिन डिस्चार्ज ले लिया, बाकी अगले दिन चले गए. लड़की के परिजनों को 3:30 बजे सूचना दी गई, लेकिन जब वे अस्पताल पहुंचे, तब तक शव वहीं पड़ा था. गुस्साए परिजनों ने सड़क जाम कर अस्पताल के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. बहरहाल, प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.