भारत
नए वोटर्स के रजिस्ट्रेशन में इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 में बदलाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उसने ऐसे किसी बदलाव के लिए मंजूरी नहीं दी थी.
मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े 2023 के एक्ट के सेक्शन 16 को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सवाल उठे हैं. सीनियर एडवोकेट विकास सिंह ने कहा है कि यह सेक्शन सीईसी को जो सुरक्षा देता है, वह प्रधानमंत्री और जजों को भी नहीं मिलती है. सोमवार (5 अक्टूबर, 2026) को सुप्रीम कोर्ट उस याचिका पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त पर आरोप लगें है कि एसआईआर के दौरान उन्होंने अकेले ही फैसले लिए, जबकि इनमें बाकी दो चुनाव आयुक्तों- सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की रजामंदी शामिल होनी भी जरूरी थी.
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार याचिकाकर्ता राकेश कुमार की तरफ से सीनियर एडवोकेट विकास सिंह पेश हुए और उन्होंने कोर्ट से अनुरोध किया कि या तो ज्ञानेश कुमार को तत्काल सीईसी के पद से निलंबित कर दिया जाए या उन्हें सीईसी के तौर पर काम करने से रोका जाए और सुखबीर सिंह संधू या विवेक जोशी को यह जिम्मेदारी सौंपी जाए. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत (CJI Surya Kant), जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच के सामने उन्होंने कहा कि संवैधानिक रूप से इलेक्शन कमीशन की तीन मेंबर की बॉडी को चुनाव से जुड़े फैसले लेने का अधिकार दिया गया है, लेकिन कौन मतदाता सूची में होगा और कौन वोट कर सकता है, ये फैसले सिर्फ एक ही व्यक्ति ले रहा है तो यह एक गंभीर संवैधानिक सवाल है कि क्या इन फैसलों में पूरे निकाय की रजामंदी शामिल है, जिसे इस उद्देश्य के लिए बनाया गया था.
एडवोकेट विकास सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों (नियुक्ति, शर्तें, सेवा) एक्ट, 2023 के सेक्शन 16 का जिक्र करते हुए कहा कि यह मुख्य चुनाव आयुक्त को उनकी आधिकारिक ड्यूटी के दौरान किए गए कार्यों के लिए कानूनी संरक्षण देता है, जो रिटायर होने के बाद भी उनको मिलती है. पहले यह प्रावधान मौजूद नहीं था. इस पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा, 'पद पर रहते हुए सुरक्षा हमेशा एक सर्वमान्य आवश्यकता होती है.' विकास सिंह ने फिर कहा, 'लेकिन यहां तो रिटायरमेंट के बाद भी प्रोटेक्शन का प्रावधान है. इस तरह की सुरक्षा किसी संवैधानिक पदाधिकारी के लिए अभूतपूर्व है. प्रधानमंत्री को भी ऐसी सुरक्षा नहीं मिलती है.' इस पॉइंट पर जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि यहां तक कि जजों को भी नहीं.
एडवोकेट विकास सिंह ने जस्टिस बागची की बात पर सहमति जताई और कहा कि वह इस समय सेक्शन 16 को चुनौती देने के लिए पेश नहीं हुए हैं, लेकिन वह सीईसी को काम से रोकने या सस्पेंड करने के लिए अंतरिम आदेश का अनुरोध करते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अनूप बरनवाल केस में सुप्रीम कोर्ट ने जो व्यवस्था चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए तय की थी, उसको ही लागू किया जाए. 2022 में सुप्रीम कोर्ट ने अनूप बरनवाल केस में कहा था कि मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए तीन सदस्यों की कमेटी बनाई जाए, जिसमें प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया को शामिल किया जाए. हालांकि, 2023 में जो कमेटी बनाई गई उसमें प्रधानमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तो हैं, लेकिन चीफ जस्टिस की जगह एक मंत्री को शामिल किया गया. यह मंत्री भी प्रधानमंत्री ही चुनेंगे. इसी वजह से जब सीईसी की शक्तियों को लेकर बवाल शुरू हुआ तो चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति करने वाली कमेटी के गठन को लेकर भी सवाल उठने लगे.
यह बवाल द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट सामने आने के बाद शुरू हुआ है. रिपोर्ट में दावा किया गया कि एसआईआर के दौरान फॉर्म 6 में बदलाव और अन्य फैसले मुख्य चुनाव आयुक्त ने अकेले लिए. दो चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की आपत्तियों और सुझावों को दरकिनार कर दिया गया. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि दोनों चुनाव आयुक्तों ने कई बार शिकायत और आपत्ति दर्ज करवाई, लेकिन उनको दरकिनार कर दिया गया. यह रिपोर्ट सामने आने के बाद विपक्ष ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है और इस संबंध में कई याचिकाएं भी सुप्रीम कोर्ट में दायर हुई हैं. हालांकि, सीजेआई सूर्यकांत ने एडवोकेट विकास सिंह की अपील पर ज्ञानेश कुमार को सस्पेंड करने के संबंध में अंतरिम आदेश देने से इनकार कर दिया और कहा कि वह किसी प्रामाणिक जानकारी पर ही ऐसा आदेश दे सकते हैं. न्यूजपेपर की रिपोर्ट्स के आधार पर नहीं.
राकेश कुमार ने क्वो वॉरंटो रिट पेटीशन दायर करके ज्ञानेश कुमार को निलंबित करने का अनुरोध किया था. संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत सुप्रीम कोर्ट और 226 के तहत हाईकोर्ट्स को क्वो वोरंटो रिट के तहत किसी सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति से उसके पद पर होने के कानूनी अधिकार के बारे में सवाल कर सकता है. कोर्ट ने राकेश कुमार की याचिका पर सीईसी, चुनाव आयुक्तों, चुनाव आयोग की डायरेक्टर जनरल सीमा खन्ना और सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर मनीष गर्ग को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है, जिसमें कहा गया कि ज्ञानेश कुमार ने एसआईआर से जुड़े फैसलों में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी को नजरअंदाज किया.
सोमवार की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट को एसआईआर प्रक्रिया के तहत नए वोटर्स के रजिस्ट्रेशन के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 में किए गए बदलावों के बारे में भी बताया गया, जिस पर कोर्ट ने कहा कि ऐसे किसी बदलाव को उसने मंजूरी नहीं दी है. सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि यह पता लगाने के लिए कोर्ट रिकॉर्ड की जांच करना चाहता है कि बदलाव किसने किए. उन्होंने कहा कि जब रिकॉर्ड पेश किया जाएगा तो हम देखना चाहेंगे कि फॉर्म 6 में बदलाव किसने किया है.
जुलाई में ECINET पर उपलब्ध ऑनलाइन फॉर्म 6 में एक अतिरिक्त एसआईआर डिक्लेरेशन जोड़ा गया था, जिसमें आवेदक से पूछा गया था कि उसका या उसके माता-पिता या दादा-दादी का नाम पिछली एसआईआर वाली वोटर लिस्ट में था या नहीं और संबंधित रिकॉर्ड की जानकारी देने का विकल्प था. विवाद इस बात पर था कि फॉर्म 6 एक वैधानिक फॉर्म है, जो रजिस्ट्रेशन ऑफ इलेक्टर्स रूल, 1960 के तहत निर्धारित है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में यह दावा किया गया था कि इस डिक्लेरेशन को जोड़ने की प्रक्रिया पर सुखबीर सिंह संधु और विवेक जोशी ने सवाल उठाया था कि वैधानिक फॉर्म में औपचारिक बदलाव नियम-संशोधन के बिना किया जा सकता है या नहीं. हालांकि, अब इस अतिरिक्त घोषणा-पत्र को उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के फॉर्म 6 से हटा दया गया है, जहां एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.