भारत
गुजरात हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी है. डीसीपी ने पुष्टि की कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
Gujarat High Court: गुजरात हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरे एक ईमेल से हड़कंप मच गया है. घटना सोमवार को सामने आई जब कोर्ट प्रशासन को एक अज्ञात स्रोत से आधिकारिक आइडी पर धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ. जैसे ही इस ईमेल की जानकारी मिली, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और हाई कोर्ट परिसर की सुरक्षा तत्काल प्रभाव से बढ़ा दी गई. पुलिस फिलहाल ईमेल भेजने वाले की पहचान और मंशा को लेकर गहन छानबीन में जुटी है.
डिप्टी पुलिस कमिश्नर (डीसीपी) सफीन हसन ने मीडिया से बातचीत में धमकी मिलने की पुष्टि की और बताया कि पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है. उन्होंने कहा, 'हमें गुजरात हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जो एक ईमेल के जरिए भेजी गई है. फिलहाल हम इसकी जांच कर रहे हैं और हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.'
ईमेल के कंटेंट की जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन पुलिस ने बताया कि धमकी की सत्यता की जांच की जा रही है.मिली जानकारी के अनुसार इस ईमेल में अजमल कसाब को फांसी को अनुचित बताया गया था. फिलहाल कोर्ट परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है, साथ ही बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड भी तैनात किए गए हैं.
यह भी पढ़ें: Raja Raghuvanshi Murder Case: तीन दिन का अल्टीमेटम! जानें किसके आदेश ने अचानक बदल दी सोनम-राजा केस की दिशा?
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी कितनी गंभीर है, लेकिन पुलिस किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरत रही है. गौरतलब है कि, पिछले कुछ महीनों में देशभर में स्कूलों, अस्पतालों, एयरपोर्ट्स और अन्य सार्वजनिक संस्थानों को इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही अलर्ट मोड पर रहती हैं.
अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.