भारत
गुजरात के अहमदाबाद में 10वीं के छात्र का मर्डर करने वाले आरोपी की एक चैट वायरल है. हत्या के बाद अपने एक दोस्त से बातचीत में आरोपी छात्र लिखता है- छोड़ न, जो हो गया वो हो गया.
अहमदाबाद के एक सेवेंथ डे सस्कूल में दसवीं के छात्र नयन सांतनी की उसके क्लासमेंट ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी. घटना 19 अगस्त की शाम की है, इस वारदात को लेकर 20 अगस्त को आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोगों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया और स्कूल में तोड़फोड़ भी कर दी.
इस मामले में पुलिस ने आरोपी छात्र को जुविनाइल जस्टिस एक्ट के तहत हिरासत में लिया गया है. अब आरोपी छात्र की घटना के तुरंत बाद की एक चैट सामने आई है. जिसमें वह अपने एक दोस्त से कह रहा है कि जो हो गया वो हो गया.
दोस्त- भाई तुमने कुछ किया आज?
आरोपी- हां
दोस्त- भाई तुमने चाकू मारा था?
आरोपी- तेरेको किसने बोला
दोस्त- कॉल करो एक मिनट. कॉल पर बात करते
आरोपी- नहीं, नहीं
दोस्त- चैट पे ये सब नहीं. मेरको तेरा नाम पहले आया दिमाग में. इसलिए तेरको किया
आरोपी- अभी बड़ा भाई है साथ में. उसको नहीं खबर. बताया किसने?
दोस्त- वो मर गया शायद से.
आरोपी- हैं? कौन था वैसे?
दोस्त- चाकू तूने मारा था? वो पूछ रहा हूं
आरोपी- हां तो.
दोस्त- क्यों मारा?
आरोपी- अरे मेको बोलरा था कि कौन है, क्या कर लेगा तू
दोस्त- तो मार (पीट) देता, मार नहीं डालना था.
आरोपी- छोड़ न, अब जो हो गया, वो हो गया.
इसके बाद दोस्त ने उससे कहा कि वो चैट डिलीट कर दे और अपना ख्याल रखे और कुछ दिन अंडरग्राउंड रहे.
19 अगस्त को स्कूल खत्म होने के बाद नयन सांतनी अपने घर के लिए निकला था. वह स्कूल बिल्डिंग के बाहर ही निकला था तभी आरोपी छात्र और कुछ और छात्रों ने उसे घेर लिया. उनके बीच पहले गाली-गलौज हुई और उसके बाद मारपीट होने लगी. इसके बाद आरोपी छात्र ने नयन पर चाकू से हमला कर दिया और वहां से भाग गया. आरोपी छात्र ने नयन के पेट में चाकू घोंपा था. घटना के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
नयन की मौत के बाद आक्रोशित अभिभावकों ने 20 अगस्त को स्कूल का घेराव किया. स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शन जल्द ही हिंसक हो गया और स्कूल में तोड़फोड़ शुरू हो गई. कई स्कूल बसों को नुकसाना पहुंचाया गया है. गुजरात के शिक्षा मंत्री प्रफुल्ल पनशेरिया ने इस हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण और समाज के लिए खतरे की घंटी बताया है. उन्होंने कहा कि जांच जारी है और सभी जिम्मेदारों सख्त कार्रवाई की बात उन्होंने कही है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.