Advertisement

एचडी देवगौड़ा के पोते, पूर्व सांसद... उम्रकैद की सजा काट रहे प्रज्जवल रेवन्ना कौन, जिनके पास जेल में मिला फोन?

प्रज्जवल रेवन्ना 48 साल घरेलू सहायिका से बलात्कार के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं. अदालत के मुताबिक, 2021 में महिला के साथ दो बार बलात्कार किया गया. आरोप ये भी है कि प्रज्जवल ने घटना के वीडियो भी रिकॉर्ड किए थे और पीड़िता को धमकी भी दी थी.

Latest News
एचडी देवगौड़ा के पोते, पूर्व सांसद... उम्रकैद की सजा काट रहे प्रज्जवल रेवन्ना कौन, जिनके पास जेल में मिला फोन?

बेंगलुरु जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं प्रज्जवल रेवन्ना (फोटो क्रेडिट- AI)

Add DNA as a Preferred Source
  • प्रज्जवल रेवन्ना पूर्व PM एचडी देवेगौड़ा के पोते और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के भतीजे हैं.
  • प्रज्जवल को घरेलू सहायिका के साथ बलात्कार के मामले में उम्रकैद की सजा मिली है.
  • आरोप है कि प्रज्जवल ने 48 साल की महिला के साथ 2021 में इस वारदात को अंजाम दिया था.
  • वीडियो सामने आने के बाद प्रज्जवल रेवन्ना जर्मनी भाग गए थे.

पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते और हासन से पूर्व सांसद प्रज्जवल रेवन्ना घरेलू सहायिका से बलात्कार के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं. आरोप है कि बेंगलुरु जेल के अंदर प्रज्जवल रेवन्ना को मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया है. इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में जेल के एक  सीनियर अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है. 

जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच के अधिकारियों द्वारा की गई अचानक छापेमारी के दौरान रेवन्ना के पास से फोन बरामद हुआ. क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर लिया है और इस बात की जांच जारी है कि रेवन्ना को जेल के अंदर फोन कैसे मिला है. प्रज्जवल रेवन्ना की कोठरी में हुई चूक के लिए दूसरे अधिकारी को भी नोटिस जारी किया गया है. 

जेल के अंदर VIP ट्रीटमेंट पर उठे सवाल

जेल के अंदर बलात्कार के दोषी को कथित तौर पर मिल रहे वीआईपी ट्रीटमेंट को लेकर सवाल उठ रहे हैं. इस मामले ने एक बार फिर बेंगलुरु की केंद्रीय जेल में 'VIP' कैदियों को मिलने वाले विशेष विशेषाधिकारों पर फोकस किया है. साल 2024 में, एक्टर दर्शन के एक फैन की हत्या के मामले में ज्यूडिशियल कस्टडी में रहते हुए जेल के अंदर पार्टी करते हुए वीडियो सामने आए थे. एक फोटो वायरल हुई, जिसमें एक्टर तीन अन्य लोगों के साथ खड़े हुए सिगरेट पीते नजर आ रहे थे. वीडियो वायरल होने के बाद जेल के कई अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया था और एक्टर को बेल्लारी सेंट्रल जेल में ट्रांसफर कर दिया गया था. 

जेल के अंदर होते हैं ये प्रतिबंध

जेलों के अंदर निजी मोबाइल फोन, सिम कार्ड और इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरण पूरी तरह से प्रतिबंधित हैं. केवल कड़ी निगरानी वाले संस्थागत लैंडलाइन, सार्वजनिक कॉल ऑफिस (PCO) या वीडियो कॉलिंग सिस्टम के माध्यम से ही बातचीत की अनुमति होती है. इसके अलावा किसी भी तरह के नशीले पदार्थ के इस्तेमाल पर भी रोक होती है. 

प्रज्जवल रेवन्ना को किस मामले में मिली उम्रकैद?

प्रज्जवल रेवन्ना 48 साल घरेलू सहायिका से बलात्कार के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं. यह मामला हासन जिले के होलेनरसीपुर स्थित रेवन्ना फैमिली के गन्निकाडा फार्महाउस से जुड़ा हुआ है. अदालत के मुताबिक, साल 2021 में महिला के साथ दो बार बलात्कार किया गया. एक बार फार्महाउस में और दूसरी बार बेंगलुरु स्थित आवास में. आरोप ये भी है कि प्रज्जवल ने घटना के वीडियो भी रिकॉर्ड किए थे. पीड़िता ने आरोप लगाया कि उन्होंने धमकी दी कि अगर इसके बारे में किसी को बताया तो वो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे. वीडियो सामने आने के तुरंत बाद रेवन्ना जर्मनी के लिए रवाना हो गए और बाद में उन्हें जेडी(एस) ने निलंबित कर दिया था. जर्मनी से लौटने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. बेंगलुरु की स्पेशल कोर्ट ने 2 अगस्त 2025 को उन्हें दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई. बता दें कि प्रज्जवल को उम्रकैद की सजा बलात्कार मामले में हुई है, ना कि वायरल हुए सेक्स वीडियो मामले में. प्रज्जवल की ओर से इस सजा को कर्नाटक हाई कोर्ट में भी चुनौती दी गई है. 

2019 में जीते, अगले ही चुनाव में मिली हार

प्रज्जवल रेवन्ना ने 2019 का लोकसभा चुनाव हासन सीट से जीता था. इस चुनाव में कांग्रेस और जेडीएस ने गठबंधन के तहत लड़ा था, जिसमें 20 सीट पर कांग्रेस और 8 सीट पर जेडीएस ने उम्मीदवार उतारे थे. प्रज्जवल को 6,76,606 वोट मिले थे, जबकि बीजेपी के ए. मंजू को 5,35,282 वोट मिले थे. हालांकि अगले लोकसभा चुनाव में जेडीएस ने बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, जिसमें प्रज्जवल अपनी सीट पर 43,719 वोटों से हार गए. उन्हें कांग्रेस श्रेयस एम. पटेल ने हरा दिया था.

ये भी पढ़ें- 'बच्चा, महिला, पुरुष या वस्यक जो भी हो गुमशुदगी के मामले तुरंत दर्ज हों...', SC का राज्यों को सख्त निर्देश

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement