भारत
फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर उनके को-पायलट ने हमला कर दिया था. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर विमान को संभालने में मदद की.
आसमान में 34 हजार फीट की ऊंचाई पर एक विमान, जिसमें 174 लोग अपनी मंजिल की तरफ बढ़ रहे हैं. सब कुछ बिल्कुल सामान्य था. तभी कॉकपिट में बैठे पायलट को पीछे से एक जोरदार वार महसूस होता है. पहले लगा, शायद विमान को कुछ हुआ है, लेकिन अगले ही पल दूसरा वार पड़ा, फिर तीसरा... और तब कैप्टन स्मित मच्छार को एहसास हुआ कि खतरा विमान से नहीं, बल्कि उसी शख्स से है जो उनके साथ कॉकपिट में बैठा था.
सबसे हैरान करने वाली बात ये थी कि हमला उस वक्त हुआ, जब उनका को-पायलट हमाम अल-हमामी नमाज पढ़कर अपनी जगह लौटा था. स्मित मच्छार ने बताया कि जब वो नमाज पढ़ने लगा था उन्होंने सम्मान के चलते पीछे मुड़कर नहीं देखा था. लेकिन कुछ ही मिनट बाद उनकी जिंदगी की सबसे मुश्किल लड़ाई शुरू हो गई.
कॉकपिट में हुई इस जंग में, जब बुरी तरह से घायल मच्छार का शरीर जवाब देने लगा था, आंखों के सामने धुंध छाने लगी थी और विमान तेजी से नीचे जा रहा था, तब उन्हें भगवान हनुमान का सहारा महसूस हुआ. मच्छार ने बताया कि उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया और फिर अपनी पूरी ताकत लगाकर कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया.

भारतीय पायलट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई बातचीत में बताया कि मुश्किल वक्त में हनुमान चालीसा पढ़ना उनके लिए हमेशा से हिम्मत का जरिया रहा है. उस समय भी, जब हालात उनके खिलाफ थे और विमान पर सवार लोगों की जान खतरे में थी, उन्होंने उसी प्रार्थना का सहारा लिया. मच्छार ने कहा कि उन्हें लगा जैसे भगवान हनुमान ने उन्हें उस मुश्किल घड़ी में लड़ने की ताकत दी.
फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार (30 सितंबर 2026) को हुई इस घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है. उड़ान दुबई से इजरायल के तेल अवीव की तरफ जा रही थी. एक तरफ घायल पायलट, दूसरी तरफ हमलावर को-पायलट और 174 लोगों की जिंदगी दांव पर थी.

मच्छार ने बताया कि विमान अचानक तेजी से नीचे जाने लगा. विमान 30 सेकंड में करीब 17 हजार फीट नीचे चल गया था. यात्रियों की चीखें सुनाई देने लगीं. उस वक्त उन्हें समझ आ गया था कि अगर उन्होंने कुछ नहीं किया तो नतीजा बेहद खतरनाक हो सकता है. उन्होंने बताया कि उनके अंदर उस वक्त लड़ने की बस आखिरी ताकत बची थी. उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने का फैसला किया.
कैप्टन मच्छार ने इस घटना को याद करते हुए बताया कि उस वक्त उनके पास ज्यादा विकल्प नहीं थे. अगर वह कॉकपिट का दरवाजा नहीं खोलते, तो हालात और बिगड़ सकते थे. जिस तेजी से विमान गिर रहा था वो कुछ देर में क्रैश हो सकता था. उनके मुताबिक उनके अंदर बस एक आखिरी कोशिश करने की ताकत बची थी.

दरवाजा बाहर से कोड के जरिए खोला जा सकता था, लेकिन अंदर मौजूद हमलावर इसे खुलने नहीं दे रहा था. ऐसे में मच्छार ने दरवाजे के नॉब तक पहुंचने की कोशिश की. चोटों के बावजूद उन्होंने नॉब पकड़ा, उसे घुमाया और दरवाजा खोल दिया. दरवाजा खुलते ही बाहर मौजूद क्रू और लोगों ने स्थिति संभालने में मदद की. इसके बाद विमान को सुरक्षित तरीके से संभाला गया.
कैप्टन स्मित मच्छार का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत में सुधार की बात कही गई है. इस घटना के बाद उन्हें पीएम मोदी समेत कई देशों के नेताओं से सराहना मिल रही है. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छार से बातचीत की और उन्हें सम्मान देने की बात कही.
यूएई के उपप्रधानमंत्री और दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने अबू धाबी में कैप्टन स्मित मच्छार से मुलाकात की. (Image-IANS/X/@HamdanMohammed)
नेतन्याहू ने उन्हें इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया. उन्होंने कहा कि मच्छार ने इजरायल, भारत और पूरी दुनिया के लोगों के सामने साहस का परिचय दिया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की तारीफ करते हुए उन्हें हीरो करार दिया और उनके इस कदम को बेहद अद्भुत बताया.
एक तरफ कॉकपिट में हमला, दूसरी तरफ हजारों फीट ऊपर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष और फिर घायल हालत में दरवाजा खोलकर विमान को बचाने की कोशिश. कैप्टन स्मित मच्छार की कहानी इसलिए भी याद रखी जाएगी क्योंकि उस पल उन्होंने सिर्फ अपनी जान बचाने की कोशिश नहीं की, बल्कि विमान में बैठे हर यात्री की जिंदगी को बचाने के लिए आखिरी दम तक संघर्ष किया.