भारत
IGI Airport: एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने बताया कि AMSS एक्टिव तो है, लेकिन काम नहीं कर रहा है. लेकिन अब इसको ठीक कर लिया गया है.
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) पर शुक्रवार एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में आई तकनीकी खराबी को ठीक कर लिया गया है. जिसके बाद विमान सेवाएं बहाल हो गई हैं. आज करीब 800 फ्लाइटें देरी से उड़ीं और 20 से ज्यादा रद्द हो गईं. एटीसी सिस्टम फेल होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
दरअसल, यह गड़बड़ी एटीसी के ऑटोमेटिक मैसेज स्विच सिस्टम (AMSS) में आई. एएमएसएस प्लेन के शेड्यूल यानी टेकऑफ और लैंडिंग की जानकारी देता है. गुरुवार रात से ही इसमें तकनीकी दिक्कत आना शुरू हो गया था, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे से उसने काम करना बिल्कुल बंद कर दिया. एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने बताया कि AMSS एक्टिव तो है, लेकिन काम नहीं कर रहा है.
यात्रियों के लिए जारी कई गई एडवाइजरी
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने की ओर से सुबह 8:34 बजे यात्रियों के लिए एक आधिकारिक एडवाइजरी जारी की गई कि एटीसी से जुड़ी दिक्कतों के चलते फ्लाइट ऑपरेशंस प्रभावित हुए हैं. एएआई ने बताया कि AMSS एक्टिव तो है, लेकिन काम नहीं कर रहा है.
एडवाइजरी में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी-अपनी एयरलाइंस से लगातार संपर्क बनाए रखें, क्योंकि उड़ानों के समय में बदलाव हो सकता है. एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, एटीसी सिस्टम में आई समस्या को दूर करने के लिए तकनीकी टीम तुरंत सक्रिय हो गईं. दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) और अन्य संबंधित एजेंसियां मिलकर इस खराबी को जल्द से जल्द ठीक करने में जुट गईं.
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करें. साथ ही लोगों को बार-बार एयरलाइंस की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और एसएमएस अलर्ट चेक करने की सलाह दी गई.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से