भारत
Farmers Protest Update: नोएडा के दलित प्रेरणा स्थल पर 3 हजार से ज्यादा किसान धरने पर बैठे थे. उन्होंने मोदी सरकार को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया था.
नोएडा के दलित प्रेरणा स्थल पर धरने पर बैठे किसानों को पुलिस ने मंगलवार को खदेड़ दिया. पुलिस 160 से ज्यादा किसानों को जबरन बसों में भककर ले गई. इस दौरान काफी धक्का-मुक्की हुई. किसान अपनी 10 से ज्यादा मांगों को लेकर कल दिल्ली चलो मार्च के तहत निकले थे, लेकिन नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर इन्हें रोक दिया गया. इसके बाद किसान पुलिस के समझाने पर दलित प्रेरणा स्थल में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए थे.
पुलिस ने बताया कि भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा, भारतीय किसान यूनियन (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) के प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना, किसान नेता रूपेश वर्मा, सुनील फौजी, सुनील प्रधान, उदल यादव और अमन भाटी समेत कई किसान नेताओं को गिरफ्तार किया गया है.
सरकार द्वारा अधिग्रहित की गई अपनी जमीन के लिए उचित मुआवजे की मांग को लेकर ये किसान सोमवार को महामाया फ्लाईओवर के पास एकत्र होकर दिल्ली के लिए रवाना हुए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दलित प्रेरणा स्थल के पास रोक लिया था. जिसके बाद वहीं किसान धरने पर बैठ गए थे.
नरेश टिकैत ने बुलाई पंचायत
पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था शिव हरि मीणा ने बताया कि पुलिस ने दोपहर करीब डेढ़ बजे 160 से ज्यादा किसानों को गिरफ्तार किया गया. किसान नेता सुखबीर खलीफा ने कहा कि किसान गिरफ्तारी से डरने वाले नहीं है और वे अपनी जायज मांगों के लिए संघर्ष करते रहेंगे. किसानों को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (BKU) ने मुजफ्फरनगर में शाम को पंचायत बुलाई है, जिसमें उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत भी शामिल होंगे.
जानकारी के मुताबिक, तीन हजार से ज्यादा किसान नोएडा में दलित प्रेरणा स्थल पर धरने पर बैठे थे. किसानों ने सरकार को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया था. उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानी तो वह इससे बड़ा आंदोलन करेंगे. किसानों ने बड़े आंदोलन की प्लानिंग की थी. इसके लिए वह अपने साथ गद्दे, रजाइयां, खाने-पीने के लिए बड़े-बड़े बर्तन, पानी के लिए ड्रम और चूल्हा साथ लेकर आए थे.
ख़बर की और जानकारी के लिए डाउनलोड करें DNA App, अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.