भारत
हरियाणा के फरीदाबाद में दहेज हत्या का डरा देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक परिवार ने अपनी बहू की हत्या करके घर के सामने ही गड्ढा खोदकर उसकी लाश दफना दी और सबसे ये कहा कि वो भाग गई है.
फरीदाबाद के रोशन नगर में उस वक्त हलचल मच गई जब सड़क के नीचे से पुलिस ने एक महिला का शव बरामद किया. लाश 24 साल की तनु का है, जहां से लाश बरामद हुई है उसके ठीक सामने उसका ससुराल है. जहां अपने पति और ससुरालवालों के साथ वो बीते दो साल से रह रही थी. इस मामले में पुलिस ने तनु के पति अरुण, ससुर भूप सिंह, सास और एक करीबी संबंधी को हिरासत में ले लिया है. तनु के परिवार ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है. परिवार का कहना है कि ससुराल वाले तनु से गहने और रुपयों की मांग करते थे और उसके साथ मारपीट करते थे.
तनु की बहन प्रीति ने बताया कि तनु की शादी 2023 में हुई थी. शादी के तुरंत बाद ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे थे. तनु के परिवार ने उनकी डिमांड पूरी करने की कोशिश की, लेकिन उनकी मांग बढ़ती जा रही थी. शादी के कुछ महीनों बाद ही तनु अपने मायके चली गई, वहां करीब सालभर वो रही. सालभर बाद वो ससुराल लौटी, इसके बाद फिर से प्रताड़ना शुरू हो गई. प्रीति ने बताया कि ससुराल वाले उसे अपने परिवार से बात करने नहीं देते थे. प्रीति ने बताया कि 9 अप्रैल को उसने अपनी बहन को फोन किया था, लेकिन बात नहीं हो पाई थी. इसके बाद उसके परिवार ने पुलिस में शिकायत की, लेकिन ने कोई ऐक्शन नहीं लिया. प्रीति के मुताबिक, 23 अप्रैल को तनु के ससुराल वालों ने दावा किया कि वो घर से भाग गई है.
तनु के परिवार का आरोप है कि ससुराल वालों ने ही तनु की हत्या करके उसकी लाश को गड्ढे में दफनाया है. आसपास रहने वालों बताया कि अप्रैल में तनु के ससुर ने गड्ढा खोदा था, कहा था कि ड्रेनेज की दिक्कत आ रही है. करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था. पड़ोसियों ने बताया कि गड्ढा जल्द ही कवर कर दिया गया था और उसे सीमेंट के स्लैब से कवर कर दिया गया था. पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने उस दिन के बाद से उनके घर की बहू यानी तनु को कभी नहीं देखा. उन्हें शक तो था कि कुछ गड़बड़ है पर किसी ने ये नहीं सोचा था कि ऐसा हो सकता है.
पुलिस ने जानकारी दी है कि इस मामले में तनु के ससुराल वालों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं, शव को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. जिससे मौत के समय और कारण का पता लगाया जा सके.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.