भारत
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा स्वीकार होने के बाद चुनाव आयोग ने तैयारी शुरू कर दी हैं. जल्द ही उपराष्ट्रपति के चुनावों की तारीखों का ऐलान किया जाएगा.
जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद देश के उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है. चुनाव आयोग की तरफ से इस संबंध में जानकारी जारी कर दी गई है. गृह मंत्रालय द्वारा 22 जुलाई 2025 को जारी राजपत्र अधिसूचना के माध्यम से जगदीप धनखड़ के भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफे की पुष्टि के बाद चुनाव आयोग ने अपनी संवैधानिक भूमिका निभाते हुए यह कदम उठाया है. हालांकि अभी तक चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है. जल्द ही चुनाव आयोग चुनावी तारीखों की ऐलान कर सकता है. इसके लिए तैयारियां तेज हो गई हैं.
चुनाव आयोग ने लिखा कि "भारत के संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत, चुनाव आयोग को भारत के उपराष्ट्रपति के कार्यालय के लिए चुनाव कराने का अधिकार है. यह चुनाव राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनाव अधिनियम, 1952 और इसके तहत बनाए गए नियमों के अनुरूप ही होगा. चुनाव आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 की तैयारियां शुरू कर दी हैं. इन प्रारंभिक गतिविधियों के पूरा होने के बाद जल्द से जल्द उपराष्ट्रपति के पद के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी.
चुनाव की आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. निर्वाचक मंडल की तैयारियों में राज्यसभा और लोकसभा के निर्वाचित और मनोनीत सदस्य दोनों शामिल होंगे, जो उपराष्ट्रपति का चुनाव करेंगे. इसके साथ ही रिटर्निंग ऑफिसर/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर का अंतिम निर्धारण किया जाएगा. चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान और नियुक्ति की जाएगी.
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपनी खराब सेहत का हवाला देते हुए अचानक ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया. इसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वीकार भी कर लिया है. उपराष्ट्रपति के अचानक दिए गये इस्तीफे सियासी गलियारों में हलचल मच गई है. जगदीप धनखड़ के इस्तीफे को नेताओं से लेकर राजनीति के जानकारों के बीच अलग अलग कयास लगाए जा रहे हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.