भारत
बिहार चुनाव से पहले 35.5 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जा सकते हैं. जिसके बाद सूबे की सियासी हलचल तेज हो गई है.
बिहार में 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग की ओर से वोटर लिस्ट को लेकर की जा रही बड़ी कार्रवाई ने सियासी हलचल तेज कर दी है. आयोग के मुताबिक करीब 35.5 लाख वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं. इस फैसले को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है. फिलहाल, सुप्रीम कोर्ट में भी यह मामला विचाराधीन है. आयोग का दावा है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से की जा रही है.
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट को अपडेट करने के लिए 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) अभियान शुरू किया है. इस अभियान के तहत आयोग ने अब तक के आंकड़ों में बताया है कि राज्य में करीब 35.5 लाख वोटरों के नाम हटाए जा सकते हैं. ये नाम मृत, बाहर चले गए या फर्जी पाए गए हैं.
आयोग के अनुसार, अब तक 6.6 करोड़ लोगों ने पुनरीक्षण फॉर्म भरकर अपनी जानकारी अपडेट की है, जो कुल मतदाताओं का करीब 88.18% है. वहीं, वोटर लिस्ट से हटाए जाने वाले 35.5 लाख नामों में 12.5 लाख मृत पाए गए हैं, 17.5 लाख लोगों ने स्थायी रूप से बिहार छोड़ दिया है और करीब 5.5 लाख डुप्लीकेट पंजीकरण के मामले सामने आए हैं. इसके अलावा नेपाल, बांग्लादेश और म्यांमार के नागरिकों के नाम भी लिस्ट में पाए गए हैं, जिन्हें जांच के बाद हटाया जाएगा.
यह भी पढ़ें: Shocking Video: हरिद्वार में कांवड़ के नाम पर 'शर्मनाक' हरकत, स्कूटी छू जाने पर महिला को कांवड़ियों ने पीटा
दरअसल, हर विधानसभा क्षेत्र से औसतन 3,000 से अधिक नाम हटाए जा सकते हैं, जिससे चुनावी नतीजों पर असर पड़ने की आशंका है. आपको बता दें इसी को लेकर विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने गंभीर चिंता जताई है. फिलहाल, यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में है. कोर्ट ने पिछली सुनवाई में चुनाव आयोग से जवाब मांगा और दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन सुनिश्चित करने की बात कही. अगली सुनवाई 28 जुलाई को होनी है. बहरहाल, चुनाव आयोग का कहना है कि यह कवायद वोटर लिस्ट को सटीक और निष्पक्ष बनाने के लिए की जा रही है ताकि आगामी चुनाव बिना किसी गड़बड़ी के संपन्न हो सकें. अंतिम तिथि 25 जुलाई तक फॉर्म भरने की है, जिसके बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की जाएगी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.