भारत
Karnataka Cyber Fraud: पुलिस ने बताया कि इस डोनाल्ड ट्रंप के ऐप के जरिए बेंगलुरु, तुमकुरु और मंगलुरु समेत कर्नाटक से शहरों में 200 से ज्यादा लोगों को शिकार बनाया गया है.
डिजिटल की दुनिया ने लोगों की जिंदगी को जितना आसान बनाया है, उतना ही इससे फ्रॉड और साइबर क्राइम का खतरा भी बढ़ा है. डिजिटल माध्यमों से आए दिन लोगों को चूना लगाया जा रहा है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने इन मामलों को और बढ़ा दिया है. ताजा मामला कर्नाटक से सामने आया है. जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) नाम के एक फर्जी ऐप से लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगा दिया गया.
हावेरी जिले के एसपी अंशु कुमार ने बताया कि साइबर ठगों ने 'Donald Trump Rental App' बनाया. जिसमें निवेशकों से अल्पावधि के लिए इन्वेस्ट करने के लिए कहा गया. इस इन्वेस्ट से भारी रिटर्न और कुछ मामलों में 100% से अधिक मुनाफे का वादा किया गया. इसके प्रचार के लिए AI जनरेटेड डोनाल्ड ट्रंप के शॉर्ट वीडियोज और क्लिप चलाई गईं. उनके तस्वीरों का भी इस्तेमाल किया गया.
ठगों ने इस ऐप के जरिए 1500 से 15,000 रुपये जमा करने स्कीम चलाई. 38 वर्षीय एक वकील ने बताया कि उसने भी यूट्यूब पर ट्रंप का एक शॉर्ट वीडियो देखा था. जिसमें ट्रंप होटल में निवेश करने पर भारी रिटर्न का दावा कर रहा था. मैंने भी उस लिंक पर क्लिक करके ऐप को डाउनलोड कर लिया और 1500 रुपये इनवेस्ट कर दिया. कुछ दिन बाद उसके खाते में हर दिन 30 रुपये का रिटर्न आने लगा. इससे उनका विश्वास और बढ़ गया. इसके बाद उसने जनवरी से अप्रैल 2025 तक 5,93,240 निवेश कर डाले. लेकिन अचानक वो ऐप गायब हो गया.
200 लोगों से 2 करोड़ रुपये की ठगी
पुलिस ने बताया कि इस ऐप के जरिए बेंगलुरु, तुमकुरु और मंगलुरु समेत कर्नाटक से शहरों में 200 से ज्यादा लोगों को शिकार बनाया गया. पुलिस को ज्यादा शिकातें हावेरी से मिलीं. अब तक इस स्कैम में 2 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की पुष्टि हो चुकी है.
पुलिस ने सोशल मीडिया पर 'हाई रिटर्न स्कीम' जैसे ऐप या वीडियो से सतर्क रहने के लिए कहा है. साथ ही अगर 'डोनाल्ड ट्रंप इन्वेस्टमेंट' का कोई वीडियो दिखे तो तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.