भारत
देश की राजधानी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां रविवार तड़के एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई.
दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार (3 मई 2026) की सुबह एक ऐसी दर्दनाक त्रासदी लेकर आई, जिसने न केवल पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया, बल्कि सुरक्षा मानकों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. तड़के करीब 3:47 बजे, जब पूरी दिल्ली गहरी नींद में थी, विवेक विहार स्थित एक आवासीय इमारत अचानक आग के गोलों और काले धुएं के गुबार में तब्दील हो गई.
इस भीषण अग्निकांड में अब तक 9 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई अन्य अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं. दमकल विभाग को सुबह चार बजे के आसपास घटना की सूचना मिली.
सूचना मिलते ही तत्परता दिखाते हुए फायर कंट्रोल रूम ने 14 दमकल गाड़ियों को घटनास्थल की ओर रवाना किया. जब बचाव दल मौके पर पहुंचा, तो पूरी इमारत आग की लपटों से घिरी हुई थी और चारों तरफ चीख-पुकार मची थी. दमकल कर्मियों ने धुएं के घने काले गुबार के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने इमारत में फंसे हुए 12 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
हालांकि, आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि 9 लोगों को बचाया नहीं जा सका. हादसे में मरने वालों का आंकड़ा शुरुआती घंटों में 8 था, जो बाद में बढ़कर 9 हो गया. चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका नजदीकी अस्पताल में उपचार चल रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, हताहतों की संख्या में और वृद्धि होने की आशंका है क्योंकि सर्च अभियान और कूलिंग ऑपरेशन अभी भी जारी है.
शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आग लगने का मुख्य कारण एयर कंडीशनर में हुआ ब्लास्ट बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, आग इमारत की दूसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी थी. एसी फटने के बाद आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप धारण किया कि देखते ही देखते लपटें तीसरी मंजिल तक जा पहुंचीं. आग किस सटीक हिस्से से शुरू हुई, इसकी तकनीकी जांच अभी भी की जा रही है.
इस हादसे की सबसे दुखद बात यह रही कि कई लोगों की जान केवल इसलिए चली गई क्योंकि उनके पास बचने का कोई रास्ता नहीं बचा था. बताया जा रहा है कि जब आग तीसरी मंजिल तक पहुंची, तो वहां मौजूद लोग घबराकर अपनी जान बचाने के लिए छत की ओर भागे. लेकिन दुर्भाग्यवश, छत का दरवाजा बंद था. निकासी का मार्ग बंद होने के कारण लोग धुएं और आग के बीच फंस गए और दम घुटने या जलने से उनकी मौत हो गई. वहीं, दूसरी मंजिल पर मौजूद चार अन्य लोग भी आग की चपेट में आने से अपनी जान गंवा बैठे.
VIDEO | Fire broke out across six flats in Delhi's Vivek Vihar. Casualties feared. Fire tenders on the spot. Further details awaited.
— Press Trust of India (@PTI_News) May 3, 2026
Source: Third Party
(Full video available on PTI Videos- https://t.co/dv5TRAShcC) pic.twitter.com/3sLYFzSD6n
बचाव कार्य में जुटे फायरकर्मियों ने बताया कि इमारत के भीतर का दृश्य विचलित करने वाला था. तलाशी के दौरान तीन लोगों के शव बिस्तर पर ही मिले, जिससे पता चलता है कि उन्हें संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिला. पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान करना फिलहाल एक बड़ी चुनौती बना हुआ है क्योंकि शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी शिनाख्त करना मुश्किल है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.