भारत
Delhi Atal Canteen Yojana: दिल्ली सरकार 100 अटल कैंटीन शुरू करेगी, जहां मात्र ₹5 में पौष्टिक और गर्म भोजन मिलेगा. प्रतिदिन 500 लोगों को भोजन देने वाली ये कैंटीनें डिजिटल टोकन प्रणाली और सीसीटीवी से संचालित होंगी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे. आइए आगे जानते हैं कि इसमें मेन्यू क्या-क्या रहेगा?
Atal Canteen Yojana: दिल्ली सरकार जल्द ही 100 'अटल कैंटीन' शुरू करने जा रही है, जिसका उद्देश्य राजधानी के नागरिकों को बहुत कम कीमत पर स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है. सरकार का दावा है कि इस योजना के तहत नागरिकों को मात्र 5 रुपये में गरमा-गरम, पौष्टिक और भरपेट भोजन दिया जाएगा. यह पहल दिल्ली सरकार की ओर से ज़रूरतमंद नागरिकों को किफायती और स्वच्छ भोजन सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है.
कैंटीन में परोसे जाने वाले भोजन में मुख्य रूप से रोटी, सब्ज़ी, दाल और चावल शामिल होंगे, जो पौष्टिकता सुनिश्चित करेंगे. प्रत्येक 'अटल कैंटीन' में प्रतिदिन 500 लोगों को भोजन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि भोजन की उच्च गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए सरकार इन कैंटीनों को सब्सिडी प्रदान कर रही है. यह सुनिश्चित करेगा कि कम कीमत के बावजूद भोजन की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, भोजन वितरण की पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल टोकन प्रणाली से संचालित किया जाएगा. इस प्रणाली का उद्देश्य किसी भी स्तर पर अनियमितता या धांधली की संभावना को समाप्त करना है. मैनुअल कूपन की अनुमति बिल्कुल नहीं होगी. सभी वितरण केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी रीयल-टाइम मॉनिटरिंग एक डिजिटल प्लेटफॉर्म से की जाएगी.
यह भी पढ़ें- प्रदूषण के चलते दिल्ली में सरकारी दफ्तरों के समय में बड़ा बदलाव, जानें नया टाइम टेबल
भोजन बनाने की जगह यानी रसोई में भी उच्च मानक सुनिश्चित किए गए हैं. रसोई में सभी आधुनिक उपकरण, एलपीजी आधारित कुकिंग सिस्टम, इंडस्ट्रियल आरओ जल व्यवस्था और ठंडा भंडारण की सुविधा अनिवार्य की गई है. भोजन की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए सख्त नियम बनाए गए हैं. भोजन और कच्चे माल के नमूने मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं द्वारा नियमित रूप से जांच के लिए लिए जाएंगे.
ख़बर की और जानकारी के लिए डाउनलोड करें DNA App, अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.