Advertisement

PM मोदी की अपील पर CM रेखा गुप्ता ने शुरू किया 'मेट्रो मंडे', मेट्रो-बस में सफर कर पहुंचीं दफ्तर

दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने और ईंधन की बचत के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक बेहतरीन कदम उठाया है.

Latest News
PM मोदी की अपील पर CM रेखा गुप्ता ने शुरू किया 'मेट्रो मंडे', मेट्रो-बस में सफर कर पहुंचीं दफ्तर

Image Source- X/@gupta_rekha

Add DNA as a Preferred Source

आजकल दिल्ली की सड़कों पर गाड़ियों का बढ़ता बोझ और प्रदूषण हर नागरिक के लिए बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है. इस समस्या से निपटने और ईंधन बचाने के लिए दिल्ली सरकार ने एक बेहद अनोखी और सकारात्मक पहल की शुरुआत की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन संरक्षण की अपील से प्रेरणा लेते हुए, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘मेट्रो मंडे’ अभियान की शुरुआत की है.

इस अभियान का मुख्य मकसद सरकारी अधिकारियों और आम जनता को प्राइवेट गाड़ियों को छोड़कर पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करना है. इस मुहिम को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने खुद इसकी कमान संभाली और सोमवार (18 मई 2026) सुबह एक आम नागरिक की तरह सार्वजनिक वाहनों से सफर कर सचिवालय पहुंचीं.

पैदल यात्रा से लेकर मेट्रो और फीडर बस का सफर

‘मेट्रो मंडे’ के पहले दिन मुख्यमंत्री की दिनचर्या बेहद सादगी भरी और पर्यावरण के अनुकूल रही. सोमवार सुबह मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सिविल लाइंस स्थित अपने आधिकारिक निवास मुख्यमंत्री जन सेवा सदन से पैदल चलकर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से मिलने उनके लोक निवास पहुंचीं. 

उपराज्यपाल के साथ बैठक खत्म होने के बाद, मुख्यमंत्री अपनी वीआईपी गाड़ियों के काफिले को छोड़कर सीधे कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पहुंचीं. वहां से उन्होंने मेट्रो पकड़ी और आईटीओ मेट्रो स्टेशन तक का सफर तय किया. इसके बाद आईटीओ से दिल्ली सचिवालय स्थित अपने दफ्तर पहुंचने के लिए उन्होंने फीडर बस का इस्तेमाल किया.

दिल्ली सरकार के मंत्री रहे साथ

इस पूरी यात्रा के दौरान दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा और रविन्द्र इंद्राज भी उनके साथ मौजूद रहे. मुख्यमंत्री के इस कदम से प्रेरित होकर दिल्ली सरकार के अन्य मंत्रियों, विधायकों और तमाम बड़े अधिकारियों ने भी सोमवार को अपने दफ्तर पहुंचने के लिए मेट्रो और बसों का सहारा लिया.

 

मुख्यमंत्री ने की ये अपील 

इस सफर के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी बात साझा की. उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन संरक्षण के आह्वान के जवाब में, हम सभी जनप्रतिनिधि देशहित में योगदान देने के लिए अपने-अपने स्तर पर प्रयास कर रहे हैं. आज मैंने मुख्यमंत्री जन सेवा सदन से लोक निवास तक पैदल यात्रा की और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से मुलाकात की. इस दौरान दिल्ली सरकार द्वारा चलाए जा रहे 'मेरा भारत, मेरा योगदान' अभियान पर विस्तृत चर्चा हुई."

उन्होंने आगे दिल्ली की जनता से भावुक अपील करते हुए लिखा कि जहां भी संभव हो, लोग मेट्रो, बसों और कारपूलिंग को अपनाएं. ऐसा करने से न सिर्फ देश का ईंधन बचेगा, बल्कि हमारी दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने में भी बड़ी मदद मिलेगी. मुख्यमंत्री का मेट्रो और बस से दफ्तर जाना यह साबित करता है कि दिल्ली को प्रदूषण से मुक्त और बेहतर बनाने की जिम्मेदारी हम सबकी सामूहिक भागीदारी से ही पूरी हो सकती है.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement