भारत
Dehradun Violence Latest Update: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसके बाद पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया है.
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है. यहां के बैरागीवाला गांव में शनिवार (13 जून 2026) की शाम को दो पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ एक मामूली विवाद कुछ ही देर में इतना बढ़ गया कि उसने एक हिंसक और सांप्रदायिक रंग ले लिया. इलाके में इंटरनेट भी बंद कर दिया गया है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला खेतों में सिंचाई के पानी को लेकर शुरू हुआ था, जो धीरे-धीरे एक बड़े बवाल में तब्दील हो गया. इस मामले में एक बीजेपी नेता की मौत भी हुई है.
पुलिस एफआईआर के मुताबिक, गांव के रहने वाले विनोद कुमार और उनके पड़ोसी इम्तियाज के बीच काफी समय से खेतों में पानी लगाने को लेकर खींचतान चल रही थी. शनिवार शाम करीब 6 बजे इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में एक बार फिर बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते यह कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई. आरोप है कि इम्तियाज और उसके साथ आए दर्जनों लोगों ने लाठी, डंडे और धारदार हथियारों से विनोद के परिवार पर हमला कर दिया.
इस अचानक हुए हमले में बीजेपी नेता विनोद कुमार की जान चली गई, जबकि उनके भाई अशोक सहित परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें लोग जान बचाने के लिए भागते और गलियों में अफरा-तफरी का माहौल साफ देखा जा सकता है.
जैसे ही विनोद की मौत की खबर इलाके में फैली, स्थानीय लोग और हिंदू संगठन भारी संख्या में सड़कों पर उतर आए. लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. प्रदर्शनकारियों ने इंसाफ की मांग को लेकर नेशनल हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया. स्थिति तब और बिगड़ गई जब उग्र भीड़ ने रविवार (14 जून 2026) को आरोपी के घर में आग लगा दी और पथराव शुरू कर दिया. प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, उनका एनकाउंटर हो और उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जाए.
#WATCH | Dehradun, Uttarakhand: A communal violence incident erupted late yesterday evening in Bairagiwala village under the Sahaspur police station area of Dehradun district over a dispute related to water. Police have registered a case against three named accused and 25… pic.twitter.com/LkCrAS2SB1
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) June 14, 2026
मामले की गंभीरता और सांप्रदायिक संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कड़े कदम उठाए हैं. कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह को फैलने से रोकने के लिए पूरे इलाके में इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. मौके पर चार थानों की पुलिस, दो क्षेत्राधिकारी और एसपी (क्राइम) समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनकी पहली प्राथमिकता इलाके में शांति और भाईचारा बनाए रखना है. भड़काऊ भाषण देने वालों और कानून हाथ में लेने वालों पर भी नजर रखी जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. फिलहाल पूरे विकासनगर क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए हैं. आम जनता से भी अपील की जा रही है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें.