भारत
यूपी के वाराणसी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पर एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपनी शादीशुदा प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया. आगे खबर में जानिए पूरा मामला
यूपी के वाराणसी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां लक्ष्मणपुर की शारदा विहार कॉलोनी में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई. पुलिस का कहना है कि महिला की हत्या उसके प्रेमी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर की है. दरअसल, मृतक महिला के मोहित के साथ अवैध संबंध थे और वह मोहित पर संतान पैदा करने का दबाव बनाती थी. इस वजह से मोहित काफी समय से परेशान चल रहा था. मोहित और उसकी पत्नी के ने समस्या की जड़ को खत्म करने का प्लान बनाया और इस हत्या को अंजाम दे दिया.
कैसे हुआ था दोनों के बीच प्यार
एडीसीपी वरुणा जोन नीतू कात्यान ने बताया कि आरोपी युवक मोहित यादव पहले आंगनबाड़ी वर्कर महिला के घर के पास किराए पर रहता था. मृतक महिला अपने घर से ही दूध के पैकेट बेचने का काम करती थी. मोहित महिला के घर दूध लेने आता था इसी दौरान दोनों के बीच पहचान हो गई और देखते ही देखते ये पहचान प्यार में बदल गई. महिला शादीशुदा थी. उसकी कोई संतान नहीं थी. वह मोहित से संबंध बनाकर संतान चाहती थी, जिसके लिए वह दबाव बनाती थी. ऐसा न करने पर पुलिस से शिकायत करने धमकी देती थी.
अंजली से हो गई शादी
इसी बीच मोहित की शादी अंजली से हो गई. मोहित ने पूरी बात अपनी पत्नी अंजलि को बताई. इसके बाद दोनों ने तय किया कि वे महिला को रास्ते से हटा देते हैं. आंगनबाड़ी वर्कर की हत्या की साजिश रचने के बाद मोहित और अंजलि एक होम स्टे में जाकर रुके. 11 दिसंबर की सुबह दोनों महिला के घर की तरफ चल दिए. अंजलि घर से पहले रुक गई. वहीं मोहित पीछे के रास्ते से आंगनबाड़ी वर्कर के घर में घुस गया. इसके बाद उसने घर में पत्थर और स्टील के ड्रम से महिला के सिर, चेहरे और गर्दन पर वार करते हुए बेरहमी से हत्या कर दी.
कैसे हुए गिरफ्तार
इसके बाद मृतक महिला के पहने हुए जेवर और अलमारी से कैश लेकर दोनों बाहर आ गए. खून से सने कपड़ों को साल से ढककर ऑटो पकड़ा और वापस होम स्टे पहुंच गए.मोहित और उसकी पत्नी अंजिल 12 दिसंबर को भागने की फिराक में रेलवे स्टेशन शिवपुर पहुंचे थे. इसी बीच जांच-पड़ताल करते हुए पुलिस ने उन्हें अरेस्ट कर लिया.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से