भारत
Chirag Paswan news: बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस ने महिलाओं को साधने की रणनीति के तहत 5 लाख मुफ्त सैनिटरी पैड बांटने का ऐलान किया है, जिनके पैकेट पर राहुल गांधी की तस्वीर छपी होगी. इस कदम पर चिराग पासवान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और कांग्रेस पर निशाना साधा है.
बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और सभी राजनीतिक दल अपने-अपने पत्ते खोल रहे हैं. राज्य की जनता को लुभाने के लिए बड़े-बड़े वादों और योजनाओं की झड़ी लगी हुई है. इसी क्रम में कांग्रेस ने एक बड़ा फैसला लेते हुए ‘माई बहिन मान योजना’ के तहत राज्य की 5 लाख महिलाओं को मुफ्त सैनिटरी पैड बांटने का ऐलान किया है. लेकिन इस पहल के साथ शुरू हुई सियासी तकरार भी अब सुर्खियों में है.
कांग्रेस की इस योजना का मकसद महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान को प्राथमिकता देना है. सैनिटरी पैड के पैकेट पर राहुल गांधी की तस्वीर, ‘नारी न्याय–महिला सम्मान’ जैसे स्लोगन और कांग्रेस की सामाजिक न्याय की सोच को उजागर किया गया है. महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता घर-घर जाकर इस योजना को प्रचारित करेंगी और साथ ही पार्टी के ₹2500 प्रतिमाह की महिला सहायता योजना की भी जानकारी देंगी.
इस योजना पर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कड़ा एतराज़ जताया है. उन्होंने कांग्रेस के इस कदम को 'शर्मनाक' और 'राजनीतिक स्टंट' करार दिया. सोनपुर में एक निजी कार्यक्रम के दौरान चिराग ने कहा कि,"देश आज भी कई चीजों में सहज नहीं है. हम पूरी तरह वेस्टर्नाइज नहीं हुए हैं. ऐसे में सेनेटरी पैड पर राहुल गांधी की तस्वीर लॉजिक से परे है." उन्होंने यह भी कहा कि आज तक किसी एड एजेंसी ने ऐसा नहीं किया, जैसा कांग्रेस ने राजनीतिक लाभ के लिए किया है.
कांग्रेस पार्टी का कहना है कि यह योजना महिलाओं की स्वास्थ्य सुविधा बढ़ाने और उनके आत्म-सम्मान को मज़बूत करने का एक कदम है. यह पहल सिर्फ एक प्रचार माध्यम नहीं, बल्कि पार्टी की सामाजिक न्याय और महिला सशक्तिकरण की प्रतिबद्धता का हिस्सा है.