भारत
P Chidambaram: हिमाचल प्रदेश के कसौली में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने कहा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार एक बड़ी गलती थी, जिसकी कीमत पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी जान देकर चुकाई.
P Chidambaram: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने ऑपरेशन ब्लू स्टार को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. हिमाचल प्रदेश के कसौली में आयोजित खुशवंत सिंह साहित्य महोत्सव के दौरान उन्होंने कहा कि, "यह ऑपरेशन एक बहुत बड़ी गलती थी, जिसकी कीमत देश की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी". उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह फैसला सिर्फ इंदिरा गांधी का नहीं था, बल्कि सेना, पुलिस, खुफिया विभाग और सिविल सेवा सभी की सलाह से लिया गया था. किसी एक व्यक्ति को दोष देना उचित नहीं है.
चिदंबरम वहां पत्रकार हरिंदर बावेजा की किताब ‘दे विल शूट यू, मैडम’ पर चर्चा का संचालन कर रहे थे. चर्चा के दौरान बावेजा ने कहा कि इंदिरा गांधी को ऑपरेशन ब्लू स्टार के अपने फैसले की भारी कीमत चुकानी पड़ी. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए चिदंबरम ने कहा, “मैं किसी सैन्य अधिकारी का अनादर नहीं कर रहा, लेकिन स्वर्ण मंदिर से उग्रवादियों को हटाने का तरीका गलत था. कुछ साल बाद, हमने बिना सेना के मंदिर को सही तरीके से पुनः प्राप्त किया. ब्लू स्टार गलत रास्ता था और इंदिरा गांधी ने उस गलती की कीमत अपनी जान देकर चुकाई.”
यह भी पढ़ें: Bihar Election 2025: 8 घंटे चली बैठक के बाद भी NDA में असमंजस, मांझी और कुशवाहा पर आज हो सकता है बड़ा फैसला
चिदंबरम ने आगे कहा कि आज पंजाब की असली समस्या खालिस्तान नहीं, बल्कि उसकी आर्थिक स्थिति है. “मैं कई बार पंजाब गया हूं और मुझे लगता है कि अलगाववाद अब बहुत हद तक खत्म हो चुका है. आज सबसे बड़ी चुनौती वहां की आर्थिक स्थिति है'. गौरतलब है कि 1984 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में छिपे उग्रवादियों को निकालने के लिए ऑपरेशन ब्लू स्टार चलाया गया था. इसी के बाद पंजाब में चरमपंथ बढ़ा और 31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा गांधी की उनके ही अंगरक्षकों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.