भारत
Meenakshi natarajan: राज्यसभा सीट के लिए मध्य प्रदेश से जैसे ही मीनाक्षी नटराजन का नाम घोषित हुआ तो इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई है. इस सीट पर पहले दिग्विजय सिंह थे जिनके साथ मीनाक्षी की एक जबरदस्त कंट्रोवर्सी हुई थी.
Meenakshi natarajan: कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव की 7 सीटों के लिए नामों को ऐलान कर दिया है. उनमें सबसे ज्यादा चौंकाने वाला नाम मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन का है जिन्होंने कांग्रेस के अनुभवी राजनेता और सोनिया गांधी के करीबी दिग्विजय सिंह का पत्ता काटकर राज्यसभा जाने की राह बनाई है.
इसमें और भी चौंकाने वाली बात यह है कि जिन दिग्विजय सिंह ने नटराजन को 'सौ टंच माल' कहा था. वह भी तब जब वह मंदसौर से सांसद थीं तो काफी बवाल मचा था. अब वही 'सौ टंच माल' राज्यसभा में कांग्रेस की नुमाइंदगी करेंगी.
दरअसल, यह घटना जुलाई 2013 की है जब मीनाक्षी नटराजन मंदसौर से कांग्रेस सांसद थीं. तब एक पार्टी मीटिंग में दिग्विजय सिंह ने कहा था कि मीनाक्षी एक गांधीवादी नेता हैं. वह बहुत ही सिंपल हैं और धीरे-धीरे लगातार तरक्की कर रही हैं. मुझे उन पर गर्व है. वह 'सौ टंच माल' हैं.
Candidate wealth: राज्यसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की लिस्ट...संपत्ति के मामले में कौन-कहां
इस बयान के वायरल होते ही बवाल मच गया क्योंकि किसी महिला के लिए 'सौ टंच माल' एक अश्लील शब्द है और इसे स्लैंग माना जाता है. इस बयान को लेकर बीजेपी ने काफी हंगामा मचाया था और दिग्विजय सिंह को महिला विरोधी करार दे दिया था. हालांकि बाद में मीनाक्षी नटराजन ने खुद माना था कि दिग्विजय सिंह के बयान को पूरे परिप्रेक्ष्य में देखना चाहिए था. उनका मतलब वह नहीं था, जो लोगों ने समझा.
बता दें कि मीनाक्षी नटराजन कांग्रेस की वरिष्ठ नेता हैं और उनके पास राजनीति का बड़ा अनुभव है. कांग्रेस की स्टूडेंट विंग NSUI से जुड़ने के बाद वह युवा कांग्रेस में सक्रिय हुईं. एनएसयूआई में वह राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद तक पहुंची तो युवा कांग्रस में उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका मिली. मीनाक्षी नटराजन को कांग्रेस राजनेता राहुल गांधी का करीबी और भरोसेमंद माना जाता है जिसकी वजह से उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी संगठन में कई जिम्मेदारियां मिलीं. फरवरी 2025 में उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तेलंगाना के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) का प्रभारी बनाया.
नटराजन ने 2009 में कांग्रेस के टिकट पर मंदसौर से लोकसभा चुनाव भी जीता था. 2014 और 2019 में भी चुनाव लड़ा लेकिन बीजेपी के सुधीर गुप्ता से हार का सामना करना पड़ा था. 2024 के लिए उन्हें टिकट ही नहीं मिला तो तीसरी बार बीजेपी के सुधीर गुप्ता ही इस सीट से सांसद बने हुए हैं.
गौरतलब है कि कांग्रेस के सीनियर लीडर और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का राज्यसभा कार्यकाल जून 2026 में खत्म हो रहा है. वह पहले ही राज्यसभा जाने के लिए मना कर चुके थे. उसके बाद अब कांग्रेस ने एक सीट के लिए कैंडिडेट का ऐलान कर दिया है और मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है. मध्य प्रदेश में राज्यसभा सीट के लिए कमलनाथ, जीतू पटवारी या ग्वालियर-चंबल संभाग से किसी नेता के नामों की भी बात उठ रही थी लेकिन अंत में कांग्रेस आलाकमान ने मीनाक्षी नटराजन के नाम पर मोहर लगा दी है. उससे पहले गुरुवार को ही बीजेपी ने पहले ही दो सीटों के लिए तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल को कैंडिडेट घोषित कर दिया था. अब मध्य प्रदेश की तीनों सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित हो गए हैं और इनका निर्वाचन भी तय ही है. राज्यसभा के लिए वोटिंग 18 जून को है और उसी दिन परिणाम घोषित हो जाएंगे.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से