Advertisement

'अरे क्यों, आप फ्लाइट में कैसे आ गए?', पुलिस को देखते ही चिल्लाने लगे दीपके, कभी हाथ छुड़ाते तो कभी फोन में कुछ टाइप करते

CJP के विरोध प्रदर्शन के बाद दिल्ली में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. जंतर-मंतर पर बिना अनुमति जुट रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया.

Latest News
'अरे क्यों, आप फ्लाइट में कैसे आ गए?', पुलिस को देखते ही चिल्लाने लगे दीपके, कभी हाथ छुड़ाते तो कभी फोन में कुछ टाइप करते

अभिजीत दीपके समेत कई प्रदर्शनकारी हिरासत में, Photo IANS

Add DNA as a Preferred Source

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शनिवार (10 अक्टूबर, 2026) को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने जा रही है. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की इजाजत देने से मना कर दिया है. पुलिस का कहना है कि पार्टी ने 7 अक्टूबर को प्रदर्शन के लिए आवेदन दिया था, लेकिन तय समय के बाद आवेदन मिलने और पहले के प्रदर्शनों में नियमों का पालन नहीं किए जाने के चलते इजाजत नहीं दी गई.

पुलिस की ओर से मना किए जाने के बावजूद प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर पहुंचने लगे, जिसके बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया. वहीं, प्रदर्शन में शामिल होने के लिए शनिवार सुबह मुंबई से दिल्ली पहुंचे अभिजीत दिपके को भी पुलिस ने एयरपोर्ट पर ही हिरासत में ले लिया. पुलिस ने फ्लाइट के अंदर जाकर अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिया. जैसे ही पुलिस फ्लाइट में पहुंची तो अभिजीत दीपके जोर-जोर से चिल्लाने लगे. इस दौरान महिला और पुरुष पुलिस अधिकारी दोनों सीजेपी प्रदर्शनकारियों को अरेस्ट करने पहुंचे थे और महिला अधिकारी आगे चल रही थीं, उन्हें देखकर अभिजीत बोले, 'अरे क्यों, आप फ्लाइट में कैसे आ गए? पुरुष पुलिस अधिकारियों को आगे भेजिए.' इस दौरान अभिजीत, सौरव और आशुतोष भारत माता की जय और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाते भी नजर आए.

पुलिस उनसे बार-बार कोऑपरेट करने का अनुरोध कर रही थी. एक जगह अभिजीत यह भी कहते दिखाई दिए, 'अरे मैं अपना बैग न लूं. कर लो अरेस्ट, हम अरेस्ट होने के लिए ही आए हैं. मैं आपसे डरता नहीं हूं.' पुलिस को देखते ही अभिजीत ने फोन का कैमरा ऑन करके वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी और जब पुलिस उनके पास पहुंची और उन्हें कोऑपरेट करने के लिए कह रही थी तो वह जल्दी में फोन में कुछ करते नजर आ रहे हैं. 

लोगों को समझाने का प्रयास कर रही पुलिस

दक्षिणी दिल्ली में पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और बॉर्डर पर आने-जाने वाले लोगों की जांच भी सख्त कर दी गई है. डीसीपी ने बताया कि जिन संगठनों ने लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने को कहा है, उनके सदस्यों की पहचान की जा रही है. पुलिस उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश कर रही है, ताकि हालात बिगड़ने से रोके जा सकें. पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग करने की अपील की है. इसके साथ ही, बिना इजाजत भीड़ जुटाने और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए ड्रोन और CCTV कैमरों से लगातार नजर रखी जा रही है.

45 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद 

इस प्रदर्शन के चलते दिल्ली में आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है. 45 मेट्रो स्टेशनों पर आने-जाने के गेट बंद हैं और 250 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. सुरक्षा के लिए पूरी राजधानी में 26,000 से ज्यादा पुलिस और पैरामिलिट्री के जवान तैनात किए गए हैं. नई दिल्ली जिले में 300 से ज्यादा CCTV कैमरों से नजर रखी जा रही है और पुलिसकर्मी अपने कैमरों के साथ तैनात हैं. 

इन रास्तों पर जाने से बचें 

दिल्ली में ट्रैफिक पाबंदियों के चलते कई सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है. शंकर रोड, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां रोड, मंडी हाउस, मिंटो रोड, कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर रोड समेत कई जगहों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है. इसके अलावा लोधी रोड फ्लाईओवर, सरदार पटेल मार्ग, भीकाजी कामा प्लेस और संसद के आसपास की सड़कों पर भी ट्रैफिक की परेशानी हो सकती है.

ऐसे में इन रास्तों से गुजरने वाले लोग घर से निकलने से पहले अपना रास्ता तय कर लें और जहां तक हो सके, दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करें. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर निकलने से पहले ट्रैफिक के ताजा अपडेट जरूर देख लें और पुलिस की ओर से बताए गए रास्तों का ही इस्तेमाल करें.

सोनम वांगचुक ने किया पोस्ट

वांगचुक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया कि वह दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में क्यों शामिल नहीं हो पाएंगे. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से उनके काम में रुकावटें डालने और उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिशों के बाद भी वह देश की सुरक्षा के लिए काम करते रहेंगे. फिलहाल वह आने वाली सर्दियों की तैयारी में जुटे हैं. अपनी बात रखते हुए उन्होंने फैज की मशहूर पंक्तियां भी लिखीं और कहा कि और भी दुख हैं जमाने में मोहब्बत के सिवा, राहतें और भी हैं वस्ल की राहत के सिवा. वांगचुक ने कहा कि मैं सभी अलग-अलग समूहों के नेताओं से साथ मिलकर काम करने और समझदारी से कदम उठाने की अपील करता हूं. साथ ही उन्होंने Gen Z से कहा कि वे हर हाल में शांति बनाए रखें. मुझे पूरी उम्मीद है कि हम बापू को निराश नहीं करेंगे.

अभिजीत दीपके ने सरकार पर उठाया सवाल

अभिजीत दीपके ने कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आता कि देश के प्रधानमंत्री युवाओं और आम लोगों से इतना क्यों डर रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदर्शन हो रहा था, तो रेलवे और मेट्रो बंद करने, इंटरनेट रोकने और सड़कों पर रोक लगाने की क्या जरूरत थी? उनका कहना है कि जम्मू-कश्मीर से सेना बुलाकर दिल्ली में तैनात किया गया. इसके अलावा, नक्सल प्रभावित इलाकों से CRPF के जवानों को भी दिल्ली लाया गया. अभिजीत दीपके ने सवाल किया कि क्या मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इतने खास हैं कि उनके लिए सरकार अपने ही लोगों के खिलाफ पुलिस और सेना की ताकत का इस्तेमाल करने से भी पीछे नहीं हट रही है?
 

Advertisement
Advertisement

Advertisement