Advertisement

बिहार के सभी 243 सीटों पर ताल ठोकेंगे चिराग पासवान, 'बिहारी फर्स्ट' के साथ मैदान में उतरने की तैयारी, 5 पॉइंट्स में समझे पूरा गणित

Chirag Paswan: आरा में आयोजित नव संकल्प महासभा में चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव की सभी 243 सीटों पर लड़ने का ऐलान किया. उन्होंने कहा, मैं बिहार के लिए चुनाव लड़ूंगा, सिर्फ अपनी सीट से नहीं.

Latest News
बिहार के सभी 243 सीटों पर ताल ठोकेंगे चिराग पासवान, 'बिहारी फर्स्ट' के साथ मैदान में उतरने की तैयारी, 5 पॉइंट्स में समझे पूरा गणित

चिराग पासवान

Add DNA as a Preferred Source

बिहार की सियासत में एक नई हलचल मचाते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा ऐलान किया है. भोजपुर जिले के आरा में आयोजित 'नव संकल्प महासभा' में चिराग ने साफ शब्दों में कहा कि उनकी पार्टी बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह लड़ाई केवल पार्टी के लिए नहीं, बल्कि पूरे बिहार के भविष्य के लिए है. चिराग ने 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' का नारा दोहराते हुए राज्य में नई दिशा और दृष्टिकोण से राजनीति करने की बात कही. 

हर बिहारी के लिए चुनाव लड़ूंगा

रविवार को आरा के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में आयोजित नव संकल्प महासभा में चिराग पासवान ने चुनावी शंखनाद करते हुए कहा, 'मैं सिर्फ अपनी सीट से नहीं, हर बिहारी के लिए चुनाव लड़ूंगा.' उन्होंने यह एलान कर दिया कि लोजपा (रामविलास) 2025 के विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. 

'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट'

चिराग पासवान ने अपने संबोधन में बिहार के युवाओं को विशेष रूप से संबोधित करते हुए कहा कि उनका सपना है कि राज्य का युवा बिहार में ही पढ़ाई करे, यहीं नौकरी करे और यहीं तरक्की पाए. उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरी है कि राज्य में रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं मजबूत हों. 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि एक सोच है, जो बिहार को आगे ले जाने की दिशा तय करेगी. 

चयन पार्टी के संसदीय बोर्ड द्वारा तय किया जाएगा

चिराग ने यह भी कहा कि सीटों पर उम्मीदवारों का चयन पार्टी के संसदीय बोर्ड द्वारा तय किया जाएगा, लेकिन रणनीति साफ है. हर सीट पर मजबूत और जमीनी उम्मीदवार को मौका दिया जाएगा. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि पार्टी जल्द ही राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी, ताकि लोगों से सीधा संवाद बन सके. महासभा में जुटी भारी भीड़ ने यह साफ कर दिया कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह से सक्रिय और चुनाव के लिए तैयार हैं. 

विरोधियों पर निशाना

अपने भाषण के दौरान चिराग ने उन लोगों को भी करारा जवाब दिया जो उनके चुनाव लड़ने या न लड़ने को लेकर सवाल उठा रहे थे. उन्होंने कहा कि अफवाहों से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, बल्कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने यह भी दोहराया कि लोजपा (रामविलास) एनडीए का हिस्सा है, लेकिन उनकी प्राथमिकता बिहार और बिहारी जनता है. इस तरह उन्होंने गठबंधन के भीतर भी अपनी स्थिति को स्पष्ट कर दिया. 


यह भी पढ़ें: Madurai में गरजे Amit Shah, कहा बंगाल और तमिलनाडु में भी खिलेगा कमल...


भावी राजनीति का संकेत

चिराग पासवान की यह घोषणा न केवल उनकी पार्टी के लिए रणनीतिक बदलाव का संकेत है, बल्कि बिहार की राजनीति में एक नई धारा के उभरने का संकेत भी देती है. उन्होंने यह साफ कर दिया है कि लोजपा (रामविलास) अब सीमित भूमिका नहीं निभाएगी, बल्कि निर्णायक ताकत बनने का इरादा रखती है. ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ जैसे जनोन्मुखी एजेंडे के साथ चिराग ने यह संकेत दे दिया कि 2025 का चुनाव सिर्फ सत्ता की नहीं, सोच और दृष्टिकोण की लड़ाई होगी. 

अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x,   इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement